Hapur News: NH-9 पर दर्दनाक हादसा, रोडवेज बस से टकराई बाइक, पति की मौत, पत्नी जिंदगी की जंग लड़ रही

Hapur News: हापुड़ के पिलखुवा में एनएच-9 पर सरस्वती मेडिकल कॉलेज के सामने रोडवेज बस से बाइक टकराने पर एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई।

Avnish Pal
Published on: 7 Aug 2026 7:27 PM IST
Tragic accident on NH-9, bike collides with roadways bus
X

 NH-9 पर दर्दनाक हादसा, रोडवेज बस से टकराई बाइक, पति की मौत, पत्नी जिंदगी की जंग लड़ रही (Photo- Social Media)

Hapur News: हापुड़ जिले के पिलखुवा क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर राष्ट्रीय राजमार्ग-9 (NH-9) पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा सरस्वती मेडिकल कॉलेज के सामने उस समय हुआ, जब एक बाइक पीछे से रोडवेज बस से जा टकराई। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल सरस्वती मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने बाइक चालक को बचाने का प्रयास किया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं घायल महिला का अस्पताल में इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

बुलंदशहर के रहने वाले थे दंपती

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान विजेंद्र (53) पुत्र सोहन पाल, निवासी ग्राम रसूलपुर रिठौली, थाना चोला, जनपद बुलंदशहर के रूप में हुई है। हादसे के समय उनकी पत्नी कमलेश (50) भी बाइक पर सवार थीं। दोनों किसी काम से गाजियाबाद की ओर जा रहे थे। दोपहर करीब 12 बजे उनकी बाइक हापुड़ से गाजियाबाद जा रही एक रोडवेज बस के पीछे से टकरा गई, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद हाईवे पर लगा जाम

दुर्घटना के बाद कुछ देर के लिए एनएच-9 पर यातायात प्रभावित रहा। राहगीरों और पुलिस की मदद से सड़क पर आवागमन सामान्य कराया गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस कर रही हादसे के कारणों की जांच

क्षेत्राधिकारी (सीओ) मुनीश चंद्र ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान विजेंद्र की मृत्यु हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Avnish Pal
ABOUT THE AUTHOR

Avnish Pal

HapurAvnishPal@newstracksite.vocalwire.com
Next Story