TRENDING TAGS :
Hapur News: NH-9 पर गलत दिशा से आए ट्रक ने मामा-भांजे को कुचला, भांजे की मौके पर मौत
Hapur News: हापुड़ में NH-9 पर गलत दिशा से आए ट्रक ने मामा-भांजे को कुचल दिया। हादसे में भांजे की मौके पर ही मौत हो गई।
Hapur News(Photo-Social Media)
Hapur News: हापुड़ देहात थाना क्षेत्र में एनएच-9 पर बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 20 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका मामा गंभीर रूप से घायल हो गया। जिम से लौट रहे मामा-भांजे पेट्रोल पंप की ओर जा रहे थे, तभी ततारपुर के पास गलत दिशा से आ रहे ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक बाइक को करीब 20 से 30 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
जिम से लौटते समय हुआ हादसा
बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के गांव छपकौली निवासी 20 वर्षीय लक्षित चौधरी बाबूगढ़ में जिम करता था। बुधवार सुबह वह अपने मामा गांव सिमरौली निवासी वंश के साथ बाइक पर जिम करने आया था। जिम से लौटते समय दोनों नवीन मंडी के पास स्थित पेट्रोल पंप पर बाइक में पेट्रोल भरवाने जा रहे थे।
बताया गया कि जैसे ही दोनों एनएच-9 पर ततारपुर के पास पहुंचे, तभी सामने से गलत दिशा में आ रहे एक ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक ट्रक में फंस गई और चालक उसे करीब 20-30 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह ट्रक को रुकवाया।
मौके पर युवक की मौत, मामा की हालत गंभीर
हादसे में लक्षित चौधरी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका मामा वंश गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण और मृतक व घायल के परिजन मौके पर पहुंच गए। युवक की मौत से आक्रोशित लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया।स्थिति बिगड़ने की सूचना मिलते ही देहात थाना, बाबूगढ़ थाना और सदर कोतवाली की पुलिस मौके पर पहुंची। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों और परिजनों को समझाकर शांत कराया। पुलिस ने लोगों को कार्रवाई का भरोसा दिया, जिसके बाद स्थिति सामान्य हो सकी।
मौके पर मचा रहा कोहराम
लक्षित की मौत की सूचना मिलने पर परिवार में कोहराम मच गया। परिजन मौके पर पहुंचे तो उनका रो-रोकर बुरा हाल था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल वंश को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे मेरठ रेफर कर दिया।
तीन थानों की पुलिस ने संभाली स्थिति
हादसे के बाद एनएच-9 पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति रही। ग्रामीणों की भीड़ और हंगामे के चलते पुलिस को मौके पर यातायात व्यवस्था भी संभालनी पड़ी। पुलिस की मौजूदगी में यातायात को दोबारा सुचारू कराया गया।देहात थाना प्रभारी पारस मलिक ने बताया कि युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घायल का उपचार कराया जा रहा है और उसकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है। उन्होंने बताया कि परिजनों की तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मौके पर शांति व्यवस्था कायम है और यातायात सुचारू रूप से चल रहा है।


