TRENDING TAGS :
Hapur News: पीईटी परीक्षा: पहली पाली में 3698 अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा, 2254 रहे अनुपस्थित
Hapur News: हापुड़ में पीईटी परीक्षा की पहली पाली में 3698 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 2254 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
Hapur News(Photo-Social Media)
Hapur News: जिले में प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) शुक्रवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हुई। परीक्षा के लिए बनाए गए 13 केंद्रों पर पहली पाली में कुल 5952 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 3698 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 2254 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा को नकलविहीन और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए। सभी केंद्रों पर पुलिस बल तैनात रहा और प्रवेश द्वार पर सघन तलाशी के बाद ही अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों में प्रवेश दिया गया।सुबह से ही परीक्षा केंद्रों के बाहर अभ्यर्थियों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। निर्धारित समय पर केंद्रों के प्रवेश द्वार खोले गए। अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र और अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच के साथ उनकी तलाशी ली गई। मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, स्मार्ट वॉच और अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं को परीक्षा केंद्र के अंदर ले जाने की अनुमति नहीं दी गई। पानी की बोतल ले जाने पर भी प्रतिबंध रहा। जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद अभ्यर्थियों को परीक्षा कक्षों में भेजा गया।
दूसरे जिलों से भी परीक्षा देने पहुंचे अभ्यर्थी
पीईटी परीक्षा में शामिल होने के लिए हापुड़ में आसपास के जिलों के अलावा दूरदराज के जनपदों से भी अभ्यर्थी पहुंचे। आगरा, मुरादाबाद, मेरठ, बुलंदशहर, मैनपुरी, अलीगढ़ और एटा समेत विभिन्न जिलों के अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। बाहरी जिलों से बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के पहुंचने के कारण सुबह से ही रेलवे स्टेशन और बस अड्डे पर चहल-पहल दिखाई दी। परीक्षा केंद्रों के आसपास भी अभ्यर्थियों और उनके साथ आए परिजनों की आवाजाही बनी रही। कई अभ्यर्थी परीक्षा से एक दिन पहले ही हापुड़ पहुंच गए थे, ताकि समय से केंद्र पर पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
प्रशासनिक अधिकारियों की निगरानी में हुई परीक्षा
परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए केंद्रों पर विशेष निगरानी की व्यवस्था की गई। अधिकारियों की ओर से परीक्षा केंद्रों की व्यवस्थाओं पर नजर रखी गई। सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी गतिविधियों की निगरानी की गई। परीक्षा केंद्रों पर तैनात कर्मचारियों और पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए गए थे कि किसी भी प्रतिबंधित वस्तु को अंदर न जाने दिया जाए और प्रवेश प्रक्रिया में निर्धारित नियमों का सख्ती से पालन कराया जाए।
डीएम और एसपी ने किया परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण
जिलाधिकारी कविता मीना और पुलिस अधीक्षक मधुबन कुमार ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने केंद्रों पर प्रवेश प्रक्रिया, सुरक्षा व्यवस्था और सीसीटीवी कैमरों की निगरानी व्यवस्था को परखा। अधिकारियों ने परीक्षा ड्यूटी में लगे कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।
डीआईओएस ने बताईं प्रवेश संबंधी व्यवस्थाएं
जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. श्वेता पूठिया ने बताया कि जिले में बनाए गए सभी 13 परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक तैयारियां पूरी कराई गई हैं। अभ्यर्थियों को निर्धारित समय से एक घंटे पहले प्रवेश देने की व्यवस्था की गई है। प्रवेश द्वार पर दस्तावेजों की जांच और सघन तलाशी के बाद ही अभ्यर्थियों को केंद्र में प्रवेश दिया जा रहा है। परीक्षा के दौरान अनुशासन बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अनियमितता रोकने के लिए निगरानी की जा रही है।


