Hapur News: पिलखुवा में संदिग्ध हालात में नवविवाहिता की मौत, दहेज उत्पीड़न का आरोप

Hapur News: सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

Avnish Pal
Published on: 21 Aug 2025 8:26 PM IST
Hapur News: पिलखुवा में संदिग्ध हालात में नवविवाहिता की मौत, दहेज उत्पीड़न का आरोप
X

पिलखुवा में संदिग्ध हालात में नवविवाहिता की मौत, दहेज उत्पीड़न का आरोप   (photo: social media )

Hapur News: पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र के बड़ौदा हिन्दवान गांव में गुरुवार को नवविवाहिता की मौत से सनसनी फैल गई। 24 वर्षीय अंजलि नाम की महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में घर से बरामद हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

शादी के सात महीने बाद हुई मौत

जानकारी के अनुसार, अंजलि की शादी करीब सात महीने पहले बड़ौदा हिन्दवान गांव निवासी नवीन से हुई थी। मृतका मूल रूप से गौतमबुद्धनगर जिले के नगला काशी की रहने वाली थी। पिता संतबीर का आरोप है कि शादी के बाद से ही पति नवीन और ससुराल के अन्य लोग अंजलि पर अतिरिक्त दहेज लाने का दबाव बना रहे थे। इसी को लेकर आए दिन विवाद होता था और अंजलि मानसिक रूप से प्रताड़ित रहती थी।

विवाद के बाद मिली लाश

परिजनों का कहना है कि गुरुवार सुबह अंजलि और उसके पति नवीन के बीच झगड़ा हुआ था। इसके कुछ घंटे बाद ही उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना पाकर मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंचे और ससुराल वालों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया।

जांच में जुटी पुलिस

घटना की जानकारी मिलते ही पिलखुवा पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

पुलिस का पक्ष

पिलखुवा सर्किल सीओ अनीता चौहान ने बताया, “फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं। मृतका के परिजनों से अभी तक कोई लिखित तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।”

1 / 5
Your Score0/ 5
Avnish Pal
ABOUT THE AUTHOR

Avnish Pal

HapurAvnishPal@newstracksite.vocalwire.com
Next Story