TRENDING TAGS :
Hapur News: दहेज के लिए जहरीला पदार्थ पिलाकर हत्या की कोशिश, फरार पति गिरफ्तार
Hapur News: पिलखुवा में दहेज की मांग पूरी न होने पर पति ने पत्नी को जहरीला पदार्थ पिला कर हत्या की कोशिश की। आरोपी फरार था, पुलिस ने गिरफ्तार किया। पीड़िता की हालत गंभीर।
Hapur News(Photo-Social Media)
Hapur News: पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र में दहेज उत्पीड़न का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पांच लाख रुपये अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी न होने पर आरोपी पति ने अपनी पत्नी कल्पना को जहरीला पदार्थ पिला कर हत्या की कोशिश की। फरार चल रहे आरोपी सोमवीर उर्फ सोनू तोमर को पुलिस ने सिखेड़ा बंबा पटरी के पास दबोच लिया, जिससे पूरे मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली। घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है, जबकि पीड़िता अस्पताल में जिंदगी और मौत से जंग लड़ रही है।
चार साल पुरानी शादी, शुरू से ही दहेज की भूख
नंगला काशी निवासी दिगपाल ने पिलखुवा कोतवाली में तहरीर दी कि उनकी बहन कल्पना की शादी 25 नवंबर 2020 को ग्राम सिखेड़ा निवासी सोमवीर उर्फ सोनू तोमर से हुई थी। शुरू में सब सामान्य था, लेकिन कुछ ही समय बाद ससुराल पक्ष की असलियत सामने आई।
पांच लाख की मांग, नहीं माने तो शुरू हुआ अत्याचार
पीड़िता के भाई ने बताया कि पति और उसके परिवार ने लगातार पांच लाख रुपये नकद की मांग की। मांग पूरी न होने पर मारपीट, गाली-गलौज और मानसिक उत्पीड़न शुरू हो गया। पीड़िता को कई बार जान से मारने की धमकी भी दी गई। मायके पक्ष ने कई बार पंचायत और समझौते की कोशिश की, लेकिन आरोपियों का रवैया और अधिक क्रूर होता चला गया।
जहरीला पदार्थ पिलाकर मौत के मुंह में धकेला
दो दिन पूर्व ससुराल पक्ष ने कथित तौर पर कल्पना को जहरीला पदार्थ पिला दिया। उसके स्वास्थ्य में अचानक गिरावट आई। परिजन उसे तुरंत निजी अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने आईसीयू में भर्ती किया। डॉक्टरों के अनुसार, पीड़िता की स्थिति गंभीर है और वह अभी खतरे से बाहर नहीं है।
पति समेत पांच नामजद, मुख्य आरोपी फरार
दिगपाल की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत पांच लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, जानलेवा हमला, विषाक्त पदार्थ पिलाने और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। घटना के बाद मुख्य आरोपी सोमवीर फरार था।
पुलिस की कई टीमों की दबिश, आखिरकार गिरफ्तारी
पिलखुवा कोतवाली प्रभारी मनीष चौहान ने बताया कि विशेष टीमों का गठन कर लगातार दबिश दी जा रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि आरोपी सोमवीर सिखेड़ा बंबा पटरी पर मौजूद है। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


