TRENDING TAGS :
Hapur News: पशु तस्करी के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, गोमांस, लोडर के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार
Hapur News: हापुड़ पुलिस ने पांच कुंतल प्रतिबंधित गोमांस, लोडर और चाकुओं के साथ तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया, दिल्ली-मुरादाबाद सप्लाई नेटवर्क की जांच तेज।
Hapur News: जनपद हापुड़ में गोवंशीय मांस की तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कोतवाली नगर पुलिस ने करीब पांच कुंतल प्रतिबंधित गोमांस, एक थ्री-व्हीलर लोडर और दो चाकुओं के साथ तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपित लंबे समय से इस अवैध कारोबार में संलिप्त थे और हापुड़ को गोमांस सप्लाई का केंद्र बनाकर दिल्ली और मुरादाबाद तक नेटवर्क संचालित कर रहे थे। घटना के खुलासे के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।
मुखबिर की सूचना पर हुई घेराबंदी
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनीष चौहान ने बताया कि सोमवार को पुलिस टीम रामपुर रोड क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक हरे रंग के लोडर में भारी मात्रा में गोमांस और उसके अवशेष भरकर कुछ लोग रामपुर की ओर से पुरानी चुंगी और बुलंदशहर रोड की तरफ जा रहे हैं।सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गई और रामपुर गंदे नाले के पास घेराबंदी कर वाहन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया। कुछ ही देर बाद एक संदिग्ध लोडर आता दिखाई दिया, जिसे रोककर तलाशी ली गई।
20 कट्टों में भरा मिला करीब पांच कुंतल मांस
पुलिस ने जब लोडर की गहन तलाशी ली तो उसमें रखे 20 प्लास्टिक कट्टों से करीब पांच कुंतल संदिग्ध गोमांस और उसके अवशेष बरामद हुए। वाहन में चालक सहित तीन लोग सवार थे।
पुलिस ने मौके से सुफियान और मुजीब निवासी नई बस्ती थाना खुर्जा, जनपद बुलंदशहर तथा आस मोहम्मद निवासी पुरानी चुंगी, हापुड़ को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान मुजीब और आस मोहम्मद के कब्जे से एक-एक चाकू भी बरामद हुआ, जिन्हें पुलिस ने कब्जे में ले लिया।
दिल्ली और मुरादाबाद तक सप्लाई का खुलासा
पुलिस पूछताछ में आरोपितों ने कई अहम जानकारियां दीं। आरोपितों ने बताया कि वे खुर्जा क्षेत्र से गोमांस लाकर हापुड़ में एकत्र करते थे। इसके बाद मांग के अनुसार इसे दिल्ली, मुरादाबाद और आसपास के अन्य क्षेत्रों में सप्लाई किया जाता था।प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि इस अवैध कारोबार से जुड़े कई अन्य लोग भी सक्रिय हैं। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में लगी हुई है और जल्द ही अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है।
पशु चिकित्सक ने लिए नमूने
मामले की गंभीरता को देखते हुए पशु चिकित्सक डॉ. ओमवीर सिंह को मौके पर बुलाया गया। उन्होंने बरामद मांस के नमूने लेकर जांच के लिए सुरक्षित कर लिए। प्रारंभिक परीक्षण में बरामद अवशेषों को गोवंशी मांस होने की संभावना जताई गई है। अंतिम पुष्टि प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट आने के बाद होगी। पुलिस ने बरामद मांस, लोडर वाहन और अन्य सामान को कब्जे में लेकर सील कर दिया है।
कई धाराओं में मुकदमा दर्ज
पुलिस ने तीनों आरोपितों के खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपितों को न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है।
एसपी ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश
पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानजय सिँह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को पूरे नेटवर्क की जांच कर इसमें शामिल अन्य लोगों की पहचान करने और उनके खिलाफ भी कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस का कहना है कि जनपद में गोतस्करी और अवैध पशु कटान के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा किसी भी स्तर पर कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

