Hapur News: हापुड़ में पुलिस ने 51 लोगों को लौटाए खोए मोबाइल, 12 लाख के फोन बरामद

Hapur News: धनतेरस पर सर्विलांस टीम ने CEIR पोर्टल से 51 मोबाइल खोजकर उनके मालिकों को सौंपे। बरामद फोन की कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई गई, जिससे लोगों की खुशी भी दोगुनी हुई।

Avnish Pal
Published on: 6 Nov 2026 5:50 PM IST
Police recover lost mobile phones, phones worth Rs 1.2 million in Hapur
X

हापुड़ में पुलिस ने 51 लोगों को लौटाए खोए मोबाइल, 12 लाख के फोन बरामद (Photo- Newstrack)

Hapur News: दिवाली की खुशियों के बीच हापुड़ पुलिस ने 51 परिवारों को ऐसा तोहफा दिया, जिसकी उन्हें लंबे समय से उम्मीद थी। गुम या खो चुके मोबाइल फोन वापस मिलने की आस छोड़ चुके लोगों के लिए धनतेरस का दिन यादगार बन गया। जनपदीय सर्विलांस टीम ने अपनी तकनीकी दक्षता और लगातार प्रयासों से विभिन्न कंपनियों के 51 मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली मालिकों को सौंप दिए। बरामद मोबाइल की अनुमानित कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई गई है।

मोबाइल हाथ में आते ही खिल उठे चेहरे, पुलिस को कहा शुक्रिया

धनतेरस के अवसर पर जब पुलिस अधिकारियों ने मोबाइल फोन उनके स्वामियों को सौंपे तो लोगों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। किसी को लंबे समय बाद अपना खोया हुआ फोन मिला तो किसी के लिए यह दिवाली का सबसे खास उपहार बन गया। मोबाइल वापस पाकर लोगों ने हापुड़ पुलिस का आभार जताया और पुलिस की इस पहल की जमकर सराहना की।

CEIR पोर्टल बना पुलिस का हथियार, तकनीक से खोज निकाले 51 मोबाइल

एएसपी महेश कुमार ने बताया कि गुमशुदा और खोए हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए सर्विलांस टीम ने सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर (CEIR) पोर्टल की मदद ली। तकनीकी माध्यमों से मोबाइल फोन को ट्रेस किया गया। इस अभियान में सर्विलांस टीम के साथ विभिन्न थानों की पुलिस ने भी संयुक्त रूप से प्रयास किए, जिसके परिणामस्वरूप 51 मोबाइल फोन बरामद किए जा सके।

पुलिस की सक्रियता से मजबूत हुआ जनता का भरोसा

एएसपी महेश कुमार ने बताया कि हापुड़ पुलिस आमजन की शिकायतों के निस्तारण और खोए हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए लगातार प्रयास कर रही है। धनतेरस पर मोबाइल फोन वापस मिलने से लोगों की दिवाली की खुशियां दोगुनी हो गईं। पुलिस की इस कार्रवाई ने न केवल तकनीकी दक्षता का परिचय दिया, बल्कि आमजन के बीच पुलिस के प्रति विश्वास को भी मजबूत किया।

Avnish Pal
ABOUT THE AUTHOR

Avnish Pal

HapurAvnishPal@newstracksite.vocalwire.com
Next Story