TRENDING TAGS :
Hapur News: हापुड़ में पुलिसकर्मियों से मारपीट, वर्दी क्षतिग्रस्त करने का आरोप
Hapur News: सिंभावली क्षेत्र में गश्त के दौरान युवक पर पुलिसकर्मियों से मारपीट और सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप, आरोपी हिरासत में लिया गया।
हापुड़ में पुलिसकर्मियों से मारपीट, वर्दी क्षतिग्रस्त करने का आरोप (Photo- Newstrack)
Hapur News: थाना सिंभावली क्षेत्र में शुक्रवार को गश्त कर रहे पुलिसकर्मियों के साथ एक युवक द्वारा कथित रूप से मारपीट करने का मामला सामने आया है। गांव बंगोली के निकट पुलिसकर्मियों ने रास्ते में लोगों से गाली-गलौज कर रहे युवक को समझाने का प्रयास किया तो वह कथित रूप से पुलिस से ही भिड़ गया। आरोप है कि युवक ने उपनिरीक्षक पिंकू कुमार और कांस्टेबल अक्षय कुमार पर हमला कर दिया। इस दौरान कांस्टेबल का गला दबाने का प्रयास किया गया और उपनिरीक्षक के साथ भी मारपीट की गई। घटना में दोनों पुलिसकर्मियों को चोटें आई हैं।
समझाने पर पुलिसकर्मियों से ही भिड़ गया
सिंभावली थाने में तैनात उपनिरीक्षक पिंकू कुमार के अनुसार, शुक्रवार को वह कांस्टेबल अक्षय कुमार के साथ क्षेत्र में गश्त और शांति व्यवस्था की ड्यूटी पर थे। दोनों पुलिसकर्मी गांव बंगोली से गंगा एक्सप्रेसवे की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में एक व्यक्ति आने-जाने वाले लोगों के साथ गाली-गलौज करता हुआ मिला।
पुलिसकर्मियों ने युवक को समझाकर वहां से हटने के लिए कहा, लेकिन आरोप है कि वह शांत होने के बजाय पुलिसकर्मियों से ही अभद्रता करने लगा। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और युवक ने कथित रूप से पुलिसकर्मियों के सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।
कांस्टेबल का गला दबाने का आरोप
आरोप है कि युवक ने कांस्टेबल अक्षय कुमार को पकड़ लिया और उनका गला दबाने का प्रयास किया। कांस्टेबल को बचाने के लिए उपनिरीक्षक पिंकू कुमार आगे आए तो आरोपी ने उनके साथ भी मारपीट शुरू कर दी। आरोपित ने पुलिसकर्मियों को जान से मारने की धमकी भी दी।
मारपीट के दौरान दोनों पुलिसकर्मियों की गर्दन और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं। आरोप है कि हाथापाई के दौरान पुलिसकर्मियों की वर्दी भी क्षतिग्रस्त हुई। अचानक हुए हमले से मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस, आरोपी हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिस के अनुसार, आरोपी को काबू करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। बाद में पुलिसकर्मियों ने उसे हिरासत में ले लिया और थाने ले आए।उपनिरीक्षक पिंकू कुमार की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, पुलिसकर्मियों से मारपीट करने, धमकी देने समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
दोनों पुलिसकर्मियों का कराया जाएगा मेडिकल
थाना प्रभारी निरीक्षक अरविंद चौधरी ने बताया कि गश्त के दौरान युवक ने पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता करते हुए हमला किया था। घटना में उपनिरीक्षक और कांस्टेबल को चोटें आई हैं। दोनों पुलिसकर्मियों का चिकित्सकीय परीक्षण कराया जाएगा। आरोपी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।पुलिस पर हमला करने की घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था की ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता या सरकारी कार्य में बाधा डालने वालों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


