TRENDING TAGS :
Hapur News: मां की मौत के बाद बेटे को घर से बेदखल करने का आरोप, मामा-मामी समेत चार पर FIR
Hapur News | Property Dispute | Hapur Latest Hindi News | UP Breaking News Hindi Newstrack
मां की मौत के बाद बेटे को घर से बेदखल करने का आरोप, मामा-मामी समेत चार पर FIR (Photo- Social Media)
Hapur News: हापुड़ शहर के लज्जापुरी मोहल्ले से पारिवारिक विवाद का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक युवक ने अपने ही सगे मामा, मामी समेत चार लोगों पर पैतृक मकान पर कब्जा करने की नीयत से मारपीट, धमकी और जबरन घर से बेदखल करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित का आरोप है कि विरोध करने पर आरोपियों ने न केवल उसके परिवार के साथ मारपीट की, बल्कि उसकी मासूम बेटी पर अवैध तमंचा तानकर जान से मारने की धमकी भी दी। मामले की शिकायत एसपी से किए जाने के बाद कोतवाली हापुड़ नगर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मां ने खरीदा था मकान, अब कब्जे की कोशिश का आरोप
कोतवाली हापुड़ नगर क्षेत्र के मोहल्ला लज्जापुरी निवासी अभिषेक ने पुलिस अधीक्षक को दिए गए शिकायती पत्र में बताया कि वह अपने परिवार के साथ जिस मकान में रहता है, उसे उसकी स्वर्गीय माता ने वर्ष 2008 में बैनामे के माध्यम से खरीदा था। वह एक निजी नौकरी कर किसी तरह परिवार का भरण-पोषण करता है।पीड़ित का आरोप है कि उसके सगे मामा रविंद्र और मामी अंजलि की शुरुआत से ही इस मकान पर नजर थी। उन्होंने उसकी मां पर लगातार मानसिक और शारीरिक दबाव बनाया तथा कई बार उनके साथ मारपीट भी की। लगातार प्रताड़ना के कारण उसकी मां गंभीर रूप से बीमार रहने लगीं।
आर्थिक तंगी के बीच चला इलाज, 2020 में हो गई मौत
अभिषेक के अनुसार वर्ष 2015 के बाद से उसकी मां का लगातार इलाज चलता रहा, लेकिन आर्थिक तंगी के कारण उनका समुचित उपचार नहीं हो सका। बाद में उन्हें दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां लंबे इलाज के बाद 13 अप्रैल 2020 को उनका निधन हो गया।पीड़ित का कहना है कि मां के निधन के बाद आरोपियों ने मकान पर कब्जा करने की कोशिश और तेज कर दी तथा उसे और उसके परिवार को लगातार प्रताड़ित करना शुरू कर दिया।
घर में बंधक बनाकर मारपीट का भी आरोप
शिकायत में कहा गया है कि आरोपियों ने पहले भी उसे और उसकी पत्नी को घर में बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा था। उस समय रिश्तेदारों के हस्तक्षेप के बाद दोनों पक्षों में समझौता हो गया था, लेकिन इसके बावजूद विवाद खत्म नहीं हुआ।अभिषेक का आरोप है कि आरोपी लगातार उसे मकान छोड़ने के लिए धमकाते रहे और आखिरकार मारपीट कर घर का सामान बाहर फेंक दिया तथा पूरे परिवार को जबरन घर से निकाल दिया।
मासूम बेटी पर तमंचा तानने का आरोप
पीड़ित ने आरोप लगाया कि घटना के दौरान उसके मामा रविंद्र ने उसकी अबोध बेटी पर अवैध तमंचा तान दिया और धमकी दी कि यदि परिवार ने मकान नहीं छोड़ा तो सभी को जान से मार दिया जाएगा। इस दौरान आसपास के लोगों ने भी कोई मदद नहीं की, जिससे परिवार दहशत में आ गया।
बिजली का मीटर भी अपने नाम कराने का आरोप
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने कूटरचित दस्तावेजों के जरिए मकान का बिजली कनेक्शन भी अपने नाम पर स्थानांतरित करा लिया, ताकि मकान पर अपना कब्जा मजबूत किया जा सके।
एसपी के आदेश पर दर्ज हुआ मुकदमा
पीड़ित की शिकायत पर पुलिस अधीक्षक के निर्देश के बाद कोतवाली हापुड़ नगर पुलिस ने मामा, मामी समेत चार लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का बयान
कोतवाली हापुड़ नगर प्रभारी निरीक्षक मनीष चौहान ने बताया कि पीड़ित की तहरीर और उच्चाधिकारियों के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।


