Hapur News पंजाब से हापुड़ तक नशीली दवाओं का जाल! बाबूगढ़ में पंजाब पुलिस की बड़ी रेड, एक हिरासत में

Hapur News : पंजाब से हापुड़ तक फैले नशीली दवाओं के नेटवर्क की जांच में बाबूगढ़ में पंजाब पुलिस की बड़ी छापेमारी

Avnish Pal
Published on: 25 May 2026 9:30 PM IST
Hapur News पंजाब से हापुड़ तक नशीली दवाओं का जाल! बाबूगढ़ में पंजाब पुलिस की बड़ी रेड, एक हिरासत में
X

Hapur News 

Hapur News: पंजाब में प्रतिबंधित नशीली दवाओं के कारोबार की जांच करते हुए पंजाब के जिला पटियाला के थाना शंभू की पुलिस टीम ने सोमवार को हापुड़ जनपद के बाबूगढ़ थाना क्षेत्र में बड़ी छापामार कार्रवाई की। पंजाब पुलिस ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से कई गांवों में दबिश देकर संदिग्ध लोगों से पूछताछ की और एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर अपने साथ ले गई। इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया और पूरे दिन पुलिस की गतिविधियां चर्चा का विषय बनी रहीं।

4050 लोमोटिल गोलियों की बरामदगी से खुला था मामला

जानकारी के अनुसार, पंजाब पुलिस ने पिछले वर्ष एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया था। आरोपी के कब्जे से नशे के रूप में इस्तेमाल की जाने वाली प्रतिबंधित दवा लोमोटिल की 4050 गोलियां बरामद हुई थीं। जांच के दौरान पुलिस को इस अवैध नेटवर्क के तार उत्तर प्रदेश के हापुड़ जनपद से जुड़े होने के संकेत मिले थे। इसके बाद से पंजाब पुलिस लगातार मामले की गहराई से जांच कर रही थी।सूत्रों के अनुसार, पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर बाबूगढ़ क्षेत्र के कुछ लोगों के नाम सामने आए, जिसके बाद पंजाब पुलिस ने हापुड़ पहुंचकर कार्रवाई की।

उपैड़ा और नूरपुर गांव में ताबड़तोड़ छापेमारी

थाना शंभू में तैनात उपनिरीक्षक सुखवंत सिंह अपनी टीम के साथ बाबूगढ़ थाने पहुंचे और स्थानीय पुलिस को जांच की जानकारी दी। इसके बाद संयुक्त रूप से ग्राम उपैड़ा और नूरपुर समेत कई स्थानों पर छापेमार कार्रवाई की गई।

पुलिस टीम अपने साथ एक युवक को भी लेकर आई थी, जिससे मौके पर पहचान और पूछताछ कराई गई। छापेमारी के दौरान कई लोगों से पूछताछ की गई तथा संदिग्ध ठिकानों की जांच की गई। पुलिस ने एक महिला से भी विस्तृत पूछताछ की, हालांकि बाद में उसे छोड़ दिया गया।

नशीली दवाओं के नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही पुलिस

जांच एजेंसियों का मानना है कि प्रतिबंधित दवाओं की सप्लाई का नेटवर्क कई राज्यों तक फैला हो सकता है। इसी वजह से पंजाब पुलिस लगातार पुराने रिकॉर्ड, मोबाइल कॉल डिटेल और अन्य साक्ष्यों के आधार पर नेटवर्क की परतें खोलने में जुटी हुई है।पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आखिर पंजाब में पकड़ी गई प्रतिबंधित दवा की खेप कहां से आई थी और इसमें किन-किन लोगों की भूमिका रही। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।

पहले भी बाबूगढ़ में पड़ चुकी है पंजाब पुलिस की रेड

यह पहला मौका नहीं है जब पंजाब पुलिस नशीली दवाओं की जांच के सिलसिले में बाबूगढ़ पहुंची हो। पिछले वर्ष भी पंजाब पुलिस ने एक मेडिकल स्टोर पर छापामार कार्रवाई की थी। हालांकि उस दौरान पुलिस को कोई संदिग्ध सामग्री बरामद नहीं हुई थी, लेकिन जांच का दायरा लगातार बढ़ता गया।अब एक बार फिर पंजाब पुलिस की सक्रियता ने यह संकेत दे दिया है कि नशीली दवाओं के कारोबार से जुड़े मामलों में जांच एजेंसियां किसी भी स्तर पर ढिलाई बरतने के मूड में नहीं हैं।

एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पंजाब रवाना हुई टीम

छापेमारी और पूछताछ के बाद पंजाब पुलिस एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर अपने साथ पंजाब रवाना हो गई। बताया जा रहा है कि उससे मामले में महत्वपूर्ण पूछताछ की जाएगी। हालांकि पुलिस अधिकारियों ने जांच प्रभावित होने का हवाला देते हुए अधिक जानकारी साझा नहीं की।

क्या बोले बाबूगढ़ थाना प्रभारी?

बाबूगढ़ थाना प्रभारी प्रवीन कुमार ने बताया कि पंजाब पुलिस प्रतिबंधित एवं नशीली दवाओं से जुड़े एक मामले की जांच के सिलसिले में यहां आई थी। पंजाब पुलिस ने कुछ स्थानों पर पूछताछ और जांच की तथा एक व्यक्ति को अपने साथ लेकर गई है। मामले की आगे की जांच पंजाब पुलिस द्वारा की जा रही है।

बढ़ सकती हैं और गिरफ्तारियां

पुलिस सूत्रों की मानें तो बरामद की गई 4050 लोमोटिल गोलियों के मामले में जांच अभी जारी है। कई संदिग्धों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है। ऐसे में आने वाले दिनों में इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों पर भी कार्रवाई हो सकती है।

फिलहाल पंजाब से लेकर हापुड़ तक फैले इस कथित नशीली दवाओं के नेटवर्क की जांच ने कानून-व्यवस्था एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है और पूरे मामले पर पुलिस की नजर बनी हुई है।

Shalini Rai

Shalini Rai

News Publisher Mail ID - raishalini910@gmail.com

उप संपादक | डिजिटल मीडिया पत्रकार

Next Story