Hapur News: NH-9 पर दर्दनाक हादसा, बस हेल्पर को तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर, मौत

Hapur News: NH-9 पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार कार ने बस हेल्पर को टक्कर मार दी। हादसे में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Avnish Pal
Published on: 17 Jun 2026 1:56 PM IST
Hapur News
X

Hapur News(Photo-Social Media)

Hapur News: दिल्ली-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग-09 (NH-9) पर स्थित एक ढाबे के बाहर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक बस हेल्पर की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब बस यात्रियों को लेकर पश्चिम बंगाल जा रही थी और रास्ते में भोजन के लिए ढाबे पर रुकी थी। मृतक भोजन करने के बाद जैसे ही ढाबे से बाहर निकला, तभी तेज रफ्तार कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने मृतक के पुत्र की तहरीर पर आरोपी चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान बदायूं जिले के दातागंज थाना क्षेत्र के गांव डहरपुर कलां निवासी वकील शाह (45 वर्ष) के रूप में हुई है। वह एक निजी बस में क्लीनर (हेल्पर) के पद पर कार्यरत थे और परिवार के भरण-पोषण की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।

पानीपत से पश्चिम बंगाल जा रही थी बस

मृतक के पुत्र फहीम शाह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 10 जून की रात उसके पिता यात्रियों से भरी बस के साथ पानीपत से पश्चिम बंगाल जा रहे थे। देर रात करीब एक बजे बस बाबूगढ़ थाना क्षेत्र में स्थित राजा जी ढाबा के पास रुकी थी। यात्री और बस स्टाफ भोजन करने के लिए ढाबे पर उतरे थे।

आरोप है कि भोजन करने के बाद वकील शाह जैसे ही ढाबे से बाहर निकलकर सड़क किनारे पहुंचे, तभी गढ़मुक्तेश्वर की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह कई फीट दूर जाकर सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।

मौके पर मची अफरा-तफरी

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ढाबे पर मौजूद लोगों और बस यात्रियों ने तुरंत मदद के लिए दौड़ लगाई। सूचना मिलने पर यूपी-112 पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। घायल वकील शाह को एंबुलेंस के माध्यम से तत्काल सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।परिजनों के अनुसार अचानक हुई इस घटना से पूरे परिवार में कोहराम मच गया। मृतक अपने पीछे पत्नी, बच्चों और अन्य परिजनों को छोड़ गए हैं। परिवार का कहना है कि वकील शाह मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे।

अंतिम संस्कार में व्यस्त रहने के कारण देर से दी तहरीर

मृतक के पुत्र फहीम शाह ने बताया कि पिता की मौत के बाद शव को सुपुर्द-ए-खाक करने और अन्य पारिवारिक रस्मों में व्यस्त रहने के कारण वह तत्काल पुलिस को लिखित शिकायत नहीं दे सका। सभी आवश्यक कार्य पूरे होने के बाद उसने बाबूगढ़ थाने पहुंचकर आरोपी चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

कार छोड़कर फरार हुआ चालक

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद कार चालक घबराकर मौके से फरार हो गया। हालांकि वह अपनी कार घटनास्थल पर ही छोड़ गया। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर उसकी जांच शुरू कर दी है। वाहन के आधार पर चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, तलाश जारी

थाना बाबूगढ़ प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार ने बताया कि मृतक के पुत्र की तहरीर के आधार पर आरोपी कार चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Avnish Pal
ABOUT THE AUTHOR

Avnish Pal

Next Story