Hapur News: दो बहनों पर ईंट-पत्थरों से हमला, एक बेहोश, केस भी दर्ज हुआ

Hapur News: भांजे से विवाद की शिकायत लेकर दुकान पहुंचीं दोनों बहनों पर हमला हुआ। पुलिस ने मां और तीन बेटों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। एक बहन मौके पर बेहोश हुई।

Avnish Pal
Published on: 8 Nov 2026 1:44 PM IST
Two sisters attacked with brick-stones
X

दो बहनों पर ईंट-पत्थरों से हमला, एक बेहोश, केस भी दर्ज हुआ (Photo- Social Media)

Hapur News: थाना हापुड़ देहात क्षेत्र के मोहल्ला समरगार्डन में मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। 11 वर्षीय भांजे के साथ गाली-गलौज और मारपीट की शिकायत लेकर दुकान पर पहुंचीं दो बहनों पर आरोपियों ने हमला कर दिया। आरोप है कि आरोपियों ने महिलाओं के साथ जमकर मारपीट की और लात-घूंसों के साथ ईंट-पत्थरों से वार किए। इस दौरान मारपीट में एक महिला की हालत इतनी बिगड़ गई कि वह मौके पर ही बेहोश हो गई। घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।

भांजे के साथ मारपीट की शिकायत लेकर दुकान पर पहुंचीं बहनें

पुलिस के अनुसार, थाना हापुड़ देहात क्षेत्र के मोहल्ला फूलगढ़ी निवासी सीमा ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कराया है। पीड़िता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि छह नवंबर की रात उसका 11 वर्षीय भांजा अमन मोहल्ला समरगार्डन में था। इसी दौरान वहां के निवासी अबूजर और फर्रु ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट कर दी।

शिकायत करने पहुंचीं तो मां-बेटों ने किया हमला

भांजे के साथ हुई मारपीट की जानकारी मिलने पर सीमा अपनी बहन के साथ आरोपियों की दुकान पर पहुंची और घटना का विरोध किया। आरोप है कि इस बात से नाराज होकर अबूजर और उसके भाई ने दोनों बहनों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने महिलाओं पर लात-घूंसों तथा ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। आरोप है कि आरोपी की मां ने भी दोनों बहनों के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की।

मारपीट में एक बहन हुई बेहोश, जान से मारने की धमकी

पीड़िता के मुताबिक, आरोपियों के हमले में उसकी बहन गंभीर रूप से घायल हो गई और मारपीट के दौरान बेहोश होकर गिर पड़ी। शोर-शराबा सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों को आता देखकर आरोपी दोनों बहनों को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

घटना के बाद पीड़िता ने थाना हापुड़ देहात पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने अबूजर, फर्रु, उसके भाई और मां के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Avnish Pal
ABOUT THE AUTHOR

Avnish Pal

HapurAvnishPal@newstracksite.vocalwire.com
Next Story