TRENDING TAGS :
Hapur News: युवती के फोटो-वीडियो किए वायरल, ब्लैकमेल कर 25 हजार से अधिक ऐंठे
Hapur News: स्नैपचैट का पासवर्ड हासिल कर निजी फोटो-वीडियो के दुरुपयोग का आरोप, रिश्तेदारों से भी रुपये मांगे। शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
युवती के फोटो-वीडियो किए वायरल, ब्लैकमेल कर 25 हजार से अधिक ऐंठे (Photo- Newstrack)
Hapur News: सोशल मीडिया पर अनजान व्यक्ति से दोस्ती करना हापुड़ कोतवाली क्षेत्र की एक युवती को भारी पड़ गया। आरोप है कि करीब चार साल पहले स्नैपचैट के माध्यम से शुरू हुई दोस्ती के बाद युवक ने युवती का भरोसा जीतकर उसकी आईडी का पासवर्ड हासिल कर लिया। इसके बाद आरोपी ने आईडी में सुरक्षित युवती के निजी फोटो और वीडियो का दुरुपयोग करना शुरू कर दिया। आरोपी ने फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर युवती को ब्लैकमेल किया और उससे 25 हजार रुपये से अधिक की रकम वसूल ली। इसके बावजूद आरोपी की हरकतें बंद नहीं हुईं। अब वह युवती के रिश्तेदारों को भी उसकी आईडी का इस्तेमाल कर मैसेज भेजकर पैसों की मांग कर रहा है। पीड़िता की शिकायत पर हापुड़ नगर कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चार साल पहले सोशल मीडिया पर हुई थी दोस्ती
कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ले की रहने वाली युवती ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि करीब चार साल पहले उसके मोबाइल फोन पर स्नैपचैट के माध्यम से ग्राम कुटबा, जनपद मुजफ्फरनगर निवासी बादल बालियान की फ्रेंड रिक्वेस्ट आई थी। युवती ने रिक्वेस्ट स्वीकार कर ली, जिसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हो गई। शुरुआत में दोनों सामान्य बातें करते थे, लेकिन धीरे-धीरे उनकी नजदीकियां बढ़ गईं और दोनों रिलेशनशिप में आ गए। युवती ने आरोपी पर विश्वास करते हुए उसे अपनी स्नैपचैट आईडी का पासवर्ड भी दे दिया था।
निजी फोटो-वीडियो को बनाया ब्लैकमेलिंग का हथियार
पीड़िता के मुताबिक, उसकी स्नैपचैट आईडी में कई निजी फोटो और वीडियो सुरक्षित थे। आरोपी ने पासवर्ड हासिल करने के बाद इन फोटो और वीडियो का गलत इस्तेमाल करना शुरू कर दिया। आरोप है कि वह निजी फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर युवती को ब्लैकमेल करने लगा और उससे रुपये की मांग करने लगा। बदनामी और मानसिक प्रताड़ना के डर से युवती आरोपी के दबाव में आ गई और अब तक उसे 25 हजार रुपये से अधिक की रकम दे चुकी है।
रिश्तेदारों को भी भेजने लगा मैसेज, मांग रहा रुपये
पीड़िता का आरोप है कि रकम देने के बाद भी आरोपी की मांगें खत्म नहीं हुईं। वह लगातार उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा है। इतना ही नहीं, आरोपी युवती की स्नैपचैट आईडी का इस्तेमाल कर उसके रिश्तेदारों से भी संपर्क कर रहा है और उनसे रुपये मांग रहा है। आरोपी उसके निजी फोटो और वीडियो को वायरल कर उसे सामाजिक रूप से बदनाम करने की कोशिश कर रहा है। युवती और उसके परिजनों ने जब आरोपी की इन हरकतों का विरोध किया तो उसने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, गिरफ्तारी का आश्वासन
लगातार ब्लैकमेलिंग और धमकियों से परेशान होकर पीड़िता ने हापुड़ नगर कोतवाली पहुंचकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मामले में कोतवाली प्रभारी सुरेश कुमार ने बताया कि युवती की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।


