Hapur News: बेटे की हत्या के मुकदमे में समझौते का दबाव, एसपी के आदेश पर केस दर्ज

Hapur News: हापुड़ में बेटे की हत्या के मुकदमे में समझौता करने का दबाव बनाने का मामला सामने आया। एसपी के आदेश पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की।

Avnish Pal
Published on: 17 May 2026 11:55 AM IST
Hapur News
X

Hapur News(Photo-Social Media)

Hapur News: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जनपद के नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित मोहल्ला शिवगढ़ी में बेटे की हत्या के मामले में न्याय की लड़ाई लड़ रहे एक परिवार को लगातार धमकियां मिलने का मामला सामने आया है। पीड़ित मां ने पड़ोसियों पर हत्या के मुकदमे में समझौता करने का दबाव बनाने, गाली-गलौज करने और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बेटे की गला रेतकर हुई थी हत्या

पीड़िता जगवती ने पुलिस अधीक्षक को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उसके पुत्र अंकित उर्फ रिंकू की एक मार्च 2025 को बेरहमी से गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। इस सनसनीखेज हत्याकांड में कुछ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। आरोप है कि तभी से आरोपी पक्ष लगातार मुकदमा वापस लेने और समझौता करने का दबाव बना रहा है।परिवार का कहना है कि न्यायालय में मामला पहुंचने के बाद से आरोपियों का रवैया और अधिक आक्रामक हो गया है। आए दिन धमकी, दबाव और अभद्र व्यवहार किया जा रहा है, जिससे पूरा परिवार दहशत में है।

घर में घुसकर दी धमकी

शिकायत के अनुसार 30 अप्रैल 2026 की सुबह करीब 11 बजे पड़ोस में रहने वाले रवि, राजू, सुनीता और माला कथित रूप से उनके घर पहुंचे। आरोप है कि चारों ने घर में घुसकर गाली-गलौज की और मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाया। इतना ही नहीं, विरोध करने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी गई।पीड़िता का आरोप है कि आरोपियों ने साफ कहा कि यदि मुकदमा वापस नहीं लिया गया तो परिवार को मोहल्ला छोड़ने पर मजबूर कर दिया जाएगा।

पहले भी हुई थी मारपीट

जगवती के मुताबिक इससे पहले भी आरोपी पक्ष कई बार परिवार के साथ मारपीट और अभद्रता कर चुका है। इसकी शिकायत स्थानीय पुलिस और उच्च अधिकारियों से की गई थी, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। पुलिस की निष्क्रियता से परेशान होकर पीड़िता के पति को न्यायालय की शरण लेनी पड़ी, जिसके बाद मुकदमा दर्ज हुआ।परिवार का आरोप है कि केस दर्ज होने के बाद आरोपी और ज्यादा उग्र हो गए तथा लगातार दबाव और धमकियों का दौर शुरू हो गया।

डायल-112 और मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी शिकायत

घटना के दौरान पीड़िता के पति ने तत्काल डायल-112 पर कॉल कर पुलिस को मौके पर बुलाया। इसके अलावा मुख्यमंत्री पोर्टल समेत अन्य अधिकारियों को भी लिखित शिकायत भेजी गई।पीड़िता ने जांच अधिकारी पर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि मामले की निष्पक्ष जांच करने के बजाय पुलिस ने एकतरफा कार्रवाई करते हुए उसके परिवार के दो सदस्यों के खिलाफ ही मुचलका पाबंद की कार्रवाई कर दी।

एसपी के आदेश पर दर्ज हुआ मुकदमा

वहीं इस मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ज्ञानंजय सिंह के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Anjali Soni

Anjali Soni

Mail ID - theanjalisonisoni111@gmail.com

Next Story