TRENDING TAGS :
Hapur News: स्कूल से लौट रहे 13 वर्षीय छात्र को रास्ते में रोककर मारपीट का आरोप, पुलिस जांच में जुटी
Hapur News: स्कूल से लौट रहे 13 वर्षीय छात्र से मारपीट, अभद्रता और धमकी देने का आरोप। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिया।
स्कूल से लौट रहे 13 वर्षीय छात्र को रास्ते में रोककर मारपीट का आरोप, पुलिस जांच में जुटी (Photo- Social Media)
Hapur News: हापुड़ के सिंभावली थाना क्षेत्र में एक 13 वर्षीय छात्र के साथ कथित तौर पर जातिसूचक शब्द कहने, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित छात्र की मां ने गांव के कुछ युवकों के खिलाफ थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।परिजनों के अनुसार, छात्र रोजाना की तरह सोमवार दोपहर करीब एक बजे स्कूल से साइकिल पर घर लौट रहा था। आरोप है कि रास्ते में पहले से मौजूद कुछ युवकों ने उसकी साइकिल रोक ली और उसके साथ अभद्रता शुरू कर दी। पीड़िता का कहना है कि आरोपियों ने छात्र को जातिसूचक शब्द कहे, गाली-गलौज की और विरोध करने पर उसके साथ मारपीट कर दी, जिससे वह घायल हो गया।
काफी समय से परेशान करने का आरोप
पीड़िता रेनू ने अपनी शिकायत में कहा है कि उनका 13 वर्षीय बेटा जब भी स्कूल आता-जाता है, गांव के कुछ युवक उसे रास्ते में रोककर परेशान करते हैं। आरोप है कि आरोपी युवक अक्सर उसके साथ गाली-गलौज करते हैं, जातिसूचक शब्द बोलते हैं और उसकी साइकिल व स्कूटी में लात-डंडे मारकर उसे डराने-धमकाने का प्रयास करते हैं।पीड़िता का दावा है कि यह सिलसिला काफी समय से चल रहा था, लेकिन सोमवार को आरोपियों ने सारी हदें पार करते हुए छात्र की पिटाई कर दी।
शिकायत करने पर दी जान से मारने की धमकी
परिजनों का आरोप है कि जब छात्र ने विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और भविष्य में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। डरा-सहमा छात्र किसी तरह घर पहुंचा और रोते हुए पूरे घटनाक्रम की जानकारी अपने परिवार को दी। इसके बाद परिजन छात्र को लेकर सिंभावली थाने पहुंचे और लिखित तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने शुरू की जांच
मामले में सीओ राहुल यादव ने बताया कि पीड़ित पक्ष की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है। शिकायत के आधार पर पूरे प्रकरण की जांच कराई जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
परिजनों में नाराजगी, निष्पक्ष कार्रवाई की मांग
घटना के बाद पीड़ित परिवार में भय और नाराजगी का माहौल है। परिजनों का कहना है कि यदि समय रहते आरोपियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो छात्र की सुरक्षा को खतरा बना रहेगा। उन्होंने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।


