Hapur News: अज्ञात वाहन की टक्कर से ट्रक चालक की मौत, अगले महीने होनी थी बेटी की शादी

Hapur News: हापुड़ में अज्ञात वाहन की टक्कर से ट्रक चालक की मौत हो गई। हादसे से परिवार में मातम छा गया, क्योंकि अगले महीने उसकी बेटी की शादी होनी थी।

Avnish Pal
Published on: 27 May 2026 3:43 PM IST
Hapur News
X

Hapur News(Photo-Social Media)

Hapur News: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जनपद के धौलाना थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया। जिस घर में अगले महीने बेटी की शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब चीख-पुकार और मातम पसरा हुआ है। अज्ञात वाहन की टक्कर से एक ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

शादी की तैयारियों के बीच आया मौत का संदेश

जानकारी के अनुसार, कपूरपुर थाना क्षेत्र के गांव मतनावली निवासी मुकेश पुत्र धर्मराज एक ई-कॉमर्स कंपनी में ट्रक चालक के रूप में कार्यरत थे। मेहनत-मजदूरी कर वह अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे। परिजनों के मुताबिक मुकेश अपनी बेटी की शादी को लेकर बेहद उत्साहित थे। अगले महीने 23 जून को उनकी पुत्री की शादी तय थी और घर में तैयारियां जोरों पर चल रही थीं।शादी के कार्ड छपवाने, रिश्तेदारों को निमंत्रण देने और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर परिवार व्यस्त था। लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि खुशियों के इस माहौल पर अचानक दुखों का पहाड़ टूट पड़ेगा।

शौलाना मोड़ के पास हुआ भीषण हादसा

बताया गजा रहा है कि मंगलवार देर रात मुकेश अपने साथी सनी पुत्र सतपाल के साथ बाइक पर सवार होकर गांव लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक धौलाना थाना क्षेत्र के शौलाना मोड़ के पास पहुंची, तभी पीछे से आ रहे किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक कई मीटर दूर जा गिरी। हादसे में मुकेश गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं उनके साथी सनी को गंभीर चोटें आईं। राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस और एंबुलेंस को दी।

मौके पर पहुंची पुलिस, घायल अस्पताल में भर्ती

सूचना मिलते ही धौलाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं घायल सनी को उपचार के लिए पिलखुवा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि हादसे को अंजाम देने वाले वाहन और चालक की पहचान की जा सके।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

हादसे की खबर जैसे ही गांव मतनावली पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस घर में शादी के गीत गूंजने थे, वहां अब मातम का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि मुकेश बेहद मिलनसार और मेहनती व्यक्ति थे। बेटी की शादी को लेकर वह कई महीनों से तैयारियों में जुटे हुए थे। गांव के लोगों ने बताया कि मुकेश अपनी बेटी के भविष्य को लेकर बड़े सपने देख रहे थे, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था।

अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस

थाना प्रभारी अवनीश शर्मा ने बताया कि, सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मृत्यु हुई है, जबकि एक युवक घायल है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अज्ञात वाहन की पहचान और चालक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है और मामले की गहनता से जांच जारी है।

Anjali Soni

Anjali Soni

News Publisher Mail ID - theanjalisonisoni111@gmail.com

उप संपादक | डिजिटल मीडिया पत्रकार

Next Story