गंगा मेले में श्रद्धालुओं की बल्ले-बल्ले, गढ़ स्टेशन पर 10 ट्रेनों का होगा ठहराव

Hapur News: 21 से 25 नवंबर तक गढ़मुक्तेश्वर स्टेशन पर 10 ट्रेनें दो मिनट के लिए रुकेंगी। श्रद्धालुओं के लिए चार टिकट काउंटर और 24 घंटे पूछताछ सेवा भी शुरू होगी।

Avnish Pal
Published on: 21 Nov 2026 9:34 PM IST
गंगा मेले में श्रद्धालुओं की बल्ले-बल्ले, गढ़ स्टेशन पर 10 ट्रेनों का होगा ठहराव
X

Hapur News: कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान मेले में पहुंचने वाले लाखों श्रद्धालुओं के लिए राहत भरी खबर है। गंगा स्नान के लिए गढ़मुक्तेश्वर और ब्रजघाट पहुंचने वाले यात्रियों को अब ट्रेन पकड़ने के लिए दूसरे स्टेशनों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और आवागमन की सुविधा को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने गढ़मुक्तेश्वर रेलवे स्टेशन पर 10 ट्रेनों के अस्थायी ठहराव की व्यवस्था की है। 21 नवंबर से 25 नवंबर तक ये ट्रेनें स्टेशन पर दो-दो मिनट रुकेंगी। इस फैसले से दिल्ली, उत्तराखंड, बिहार और उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से आने वाले श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी।

लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए रेलवे का विशेष इंतजाम

कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर गढ़मुक्तेश्वर के ब्रजघाट और आसपास के गंगा घाटों पर देश के विभिन्न हिस्सों से लाखों श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए पहुंचते हैं। मेले में आने वाले श्रद्धालुओं का बड़ा हिस्सा रेल मार्ग से सफर करता है। ऐसे में मेले के दौरान गढ़मुक्तेश्वर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों का दबाव कई गुना बढ़ जाता है। ट्रेनों में भीड़ और यात्रियों की आवाजाही को देखते हुए मुरादाबाद रेल मंडल ने इस बार पहले से ही विशेष तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी कड़ी में 10 प्रमुख ट्रेनों को गढ़मुक्तेश्वर स्टेशन पर अस्थायी ठहराव देने का निर्णय लिया गया है।

इन 10 ट्रेनों से कर सकेंगे गंगा मेले का सफर

मुरादाबाद रेलवे मंडल के वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव के अनुसार, श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जिन ट्रेनों का अस्थायी ठहराव निर्धारित किया गया है, उनमें ट्रेन संख्या 15014 रानीखेत एक्सप्रेस, 13257 जनसाधारण एक्सप्रेस, 15059 लालकुआं-आनंद विहार एक्सप्रेस, 14311 और 14321 आला हजरत एक्सप्रेस, 15036 उत्तरांचल संपर्क क्रांति एक्सप्रेस तथा 14009 चंपारण सत्याग्रह एक्सप्रेस शामिल हैं।इसके अलावा ट्रेन संख्या 22453 मेरठ-लखनऊ राज्यरानी एक्सप्रेस, 14011 आनंद विहार एक्सप्रेस और 04209 दिल्ली स्पेशल ट्रेन को भी गढ़मुक्तेश्वर रेलवे स्टेशन पर दो मिनट का अस्थायी ठहराव दिया गया है। इन ट्रेनों के रुकने से श्रद्धालुओं को गंगा स्नान के लिए पहुंचने और स्नान के बाद अपने गंतव्य तक वापस लौटने में आसानी होगी।

टिकट के लिए नहीं लगानी पड़ेगी लंबी कतार, चार काउंटर खुलेंगे

मेले में यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने टिकट वितरण व्यवस्था को भी मजबूत करने का फैसला किया है। स्टेशन पर जनरल टिकट के लिए चार काउंटर संचालित किए जाएंगे। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि अतिरिक्त काउंटर खुलने से टिकट खरीदने के लिए यात्रियों को लंबी कतारों में खड़े होने से राहत मिलेगी। साथ ही भीड़ के दबाव के बीच टिकट वितरण व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में भी मदद मिलेगी।

24 घंटे खुला रहेगा पूछताछ केंद्र, 10 अतिरिक्त कर्मचारी संभालेंगे व्यवस्था

श्रद्धालुओं को ट्रेनों के आगमन और प्रस्थान की जानकारी आसानी से मिल सके, इसके लिए रेलवे स्टेशन पर पूछताछ केंद्र को 24 घंटे संचालित रखने का निर्णय लिया गया है। इसके अलावा यात्रियों की मदद और व्यवस्थाओं को संभालने के लिए 10 अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती भी की जाएगी। ये कर्मचारी ट्रेन संबंधी जानकारी देने, टिकट व्यवस्था में सहयोग करने और स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने में मदद करेंगे।

स्नान के बाद घर वापसी में भी मिलेगी राहत

रेलवे प्रशासन के सामने सबसे बड़ी चुनौती गंगा स्नान के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के साथ-साथ स्नान के बाद वापस लौटने वाले यात्रियों की भीड़ को व्यवस्थित रखने की है। मेले के दौरान एक साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु स्टेशन पहुंचते हैं, जिससे टिकट काउंटरों और प्लेटफार्मों पर दबाव बढ़ जाता है। ऐसे में ट्रेनों के अस्थायी ठहराव, चार जनरल टिकट काउंटर, 24 घंटे पूछताछ सेवा और अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती से यात्रियों को काफी सहूलियत मिलने की उम्मीद है।रेलवे प्रशासन का प्रयास है कि कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान मेले के दौरान श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े और गंगा स्नान के बाद उनकी घर वापसी भी आसान हो सके।

Avnish Pal
ABOUT THE AUTHOR

Avnish Pal

HapurAvnishPal@newstracksite.vocalwire.com
Next Story