हापुड़ में सेल्फी लेकर लौट रहे दो किशोरों को कार ने रौंदा, जैद की मौत; दोस्त की हालत गंभीर

Hapur News: हापुड़ में एनएच-9 पर तेज रफ्तार कार की टक्कर से 15 वर्षीय जैद की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त अरमान गंभीर रूप से घायल है। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।

Avnish Pal
Published on: 24 Nov 2026 7:58 PM IST
हापुड़ में सेल्फी लेकर लौट रहे दो किशोरों को कार ने रौंदा, जैद की मौत; दोस्त की हालत गंभीर
X

Hapur News: हाईवे किनारे बने आलीशान होटल और ढाबों पर घूमने, सेल्फी लेने और रील बनाने का शौक दो किशोर दोस्तों के लिए जिंदगी का आखिरी सफर बन गया। घर से बिना बताए बाइक लेकर निकले दोनों दोस्तों को क्या पता था कि कुछ पलों की मस्ती के बाद उन्हें ऐसी भयावह दुर्घटना का सामना करना पड़ेगा, जो एक परिवार को कभी न भरने वाला जख्म दे जाएगी। नेशनल हाईवे-9 पर बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के कुचेसर रोड चौपला स्थित हाइवे किंग ढाबे के सामने तेज रफ्तार अज्ञात कार ने बाइक सवार दोनों किशोरों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों उछलकर सड़क पर जा गिरे। हादसे में 15 वर्षीय जैद की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त अरमान गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे मेरठ रेफर किया गया है।

ढाबे पर सेल्फी लेने पहुंचे थे दोनों दोस्त, वापसी में सामने आ गई मौत

कुचेसर रोड चौपला क्षेत्र के फतेहपुर निवासी आरिफ का 15 वर्षीय पुत्र जैद और उसके पड़ोसी बल्लू का पुत्र अरमान सोमवार शाम घरवालों को बिना बताए बाइक लेकर निकल गए थे। दोनों किशोर एनएच-9 स्थित हाइवे किंग ढाबे पर सेल्फी लेने पहुंचे थे। ढाबे पर कुछ समय बिताने के बाद दोनों बाइक से अपने घर लौट रहे थे।शाम करीब साढ़े छह बजे दोनों जैसे ही ढाबे के सामने पहुंचे, तभी सामने की दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार अज्ञात कार उनकी बाइक से टकरा गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों किशोर कई फुट उछलकर सड़क पर जा गिरे। बाइक क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर तड़पने लगे। अचानक हुए हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

टक्कर मारकर भागा कार चालक, सड़क पर मची अफरा-तफरी

हादसे के बाद कार चालक घायलों की मदद करने के बजाय वाहन समेत मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही कुचेसर रोड चौपला चौकी प्रभारी गौरव वशिष्ठ पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों किशोरों को तत्काल सीएचसी सिखेड़ा पहुंचाया।अस्पताल में चिकित्सकों ने जैद को मृत घोषित कर दिया। वहीं अरमान की हालत गंभीर देखते हुए उसे प्राथमिक उपचार के बाद मेरठ रेफर कर दिया गया। एक ही हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। एक परिवार में बेटे की मौत का मातम पसरा है, तो दूसरे परिवार की निगाहें अस्पताल में भर्ती किशोर की सलामती पर टिकी हैं।

बेटे की मौत की खबर सुनते ही परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

15 वर्षीय जैद की मौत की खबर जैसे ही परिजनों तक पहुंची, घर में चीख-पुकार मच गई। पिता आरिफ और मां कौसर का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। जिस बेटे को कुछ देर बाद घर लौटना था, उसकी मौत की खबर ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया। परिजनों के लिए इस दर्दनाक सच्चाई पर यकीन करना भी मुश्किल हो रहा है। आसपास के लोग भी परिवार को सांत्वना देने के लिए पहुंचते रहे।

सीसीटीवी में कैद होगी फरार कार की पहचान? पुलिस खंगाल रही फुटेज

हादसे के बाद फरार हुए कार चालक तक पहुंचने के लिए पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि टक्कर मारने वाली कार किस दिशा से आई थी और हादसे के बाद किस रास्ते से फरार हुई। कार के नंबर और चालक की पहचान होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।सीओ दीपक चतुर्वेदी ने बताया कि हादसे में 15 वर्षीय जैद की मौत हुई है, जबकि दूसरा किशोर गंभीर रूप से घायल है। घायल का उपचार चल रहा है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से फरार कार और उसके चालक की तलाश की जा रही है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Avnish Pal
ABOUT THE AUTHOR

Avnish Pal

HapurAvnishPal@newstracksite.vocalwire.com
Next Story