TRENDING TAGS :
Hapur News: पानी के पाइप को लेकर खूनी विवाद, घर में घुसकर युवक के सिर पर फावड़े से हमला, FIR दर्ज
Hapur News: हापुड़ में पानी के पाइप को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोपियों ने घर में घुसकर युवक के सिर पर फावड़े से हमला कर दिया। पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Hapur News(Photo-Social Media)
Hapur News: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जनपद के बाबूगढ़ थाना क्षेत्र स्थित गांव सरावनी में पानी के पाइप को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि रंजिश के चलते तीन युवकों ने घर में घुसकर एक युवक पर फावड़े से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर तीन नामजद आरोपितों के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पानी के पाइप को लेकर हुआ था विवाद
पुलिस में दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार गांव सरावनी निवासी ओसामा का एक जून को गांव के ही गोला उर्फ शहजाद, आजाद और भूरे उर्फ सारिब के साथ पानी के पाइप खोलने को लेकर विवाद हो गया था। उस समय ग्रामीणों के हस्तक्षेप से मामला शांत हो गया था, लेकिन आरोप है कि आरोपित इस बात को लेकर मन में रंजिश पाल बैठे।
घर में घुसकर किया हमला
पीड़ित का आरोप है कि विवाद के अगले ही दिन तीनों आरोपित उसके घर पहुंच गए और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपितों ने मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान एक आरोपित ने हाथ में लिए फावड़े से उसके सिर पर जोरदार वार कर दिया। फावड़े का वार लगते ही ओसामा गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा और उसके सिर से खून बहने लगा।परिजनों और आसपास के लोगों ने शोर सुनकर मौके पर पहुंचकर किसी तरह बीच-बचाव किया। ग्रामीणों को आता देख आरोपित मौके से फरार हो गए। आरोप है कि जाते-जाते उन्होंने पीड़ित और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी।
घायल का कराया गया उपचार
घटना के बाद परिजनों ने घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सीय परीक्षण में सिर पर गंभीर चोट की पुष्टि होने के बाद पीड़ित ने थाना बाबूगढ़ में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मेडिकल रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया।
पुलिस ने दर्ज किया हत्या के प्रयास का मुकदमा
थाना बाबूगढ़ प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि पीड़ित की शिकायत और चिकित्सीय परीक्षण रिपोर्ट के आधार पर गोला उर्फ शहजाद, आजाद तथा भूरे उर्फ सारिब के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की गहन जांच की जा रही है और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। उन्होंने बताया कि घटना से जुड़े सभी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


