Hapur News: 13 लाख की लग्जरी कार के लिए विवाहिता पर जुल्म! बेटी को गोद में लेकर घर से निकली मां

Hapur News: हापुड़ में 13 लाख की लग्जरी कार के लिए विवाहिता को प्रताड़ित करने का आरोप, बेटी को गोद में लेकर घर से निकली मां।

Avnish Pal
Published on: 29 Oct 2026 12:00 PM IST
Hapur News
X

Hapur News(Photo-Social Media)

Hapur News: लग्जरी कार खरीदने के लिए 13 लाख रुपये की मांग, दहेज के ताने, मारपीट और जान से मारने की धमकी। आरोप है कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर एक विवाहिता को इस कदर प्रताड़ित किया गया कि उसे अपनी नवजात बेटी को गोद में लेकर ससुराल छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ा। पीड़िता ने पति और ससुराल पक्ष के लोगों पर गर्भावस्था के दौरान भी मारपीट करने, जबरन शारीरिक संबंध बनाने और बेटी के जन्म के बाद प्रताड़ना बढ़ाने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत के मुताबिक, विरोध करने पर विवाहिता का मोबाइल छीन लिया गया और उसे बेटी समेत कमरे में बंद कर दिया गया। अगले दिन उस पर ईंटें और भारी गमले फेंकने तथा गोली मारने की धमकी देने का भी आरोप है। मामले में हापुड़ नगर कोतवाली पुलिस ने पति समेत ससुराल पक्ष के सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शादी में 75 लाख रुपये खर्च करने के बाद भी दहेज के ताने देने का आरोप

पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, श्रीनगर निवासी हनी गोयल का विवाह 11 दिसंबर 2024 को उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के रुड़की स्थित सिविल लाइंस जादूगर निवासी नमन सिंघल के साथ हुआ था। विवाहिता का आरोप है कि शादी में उसके मायके पक्ष ने करीब 75 लाख रुपये खर्च किए थे। इसके बावजूद ससुराल पक्ष के लोग कम दहेज लाने के ताने देते रहे। आरोप है कि शादी में मिले सोने के आभूषण भी ससुराल वालों ने अपने कब्जे में रख लिए और समय-समय पर अतिरिक्त नकदी तथा महंगी वस्तुओं की मांग की जाने लगी।

गर्भावस्था में भी प्रताड़ना का आरोप, बेटी के जन्म पर दिए ताने

विवाहिता ने शिकायत में आरोप लगाया कि गर्भावस्था के दौरान भी उसके साथ मारपीट की गई और पति ने उसकी इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाए। 20 दिसंबर 2025 को बेटी का जन्म होने के बाद भी परिस्थितियों में सुधार नहीं हुआ। आरोप है कि बेटी पैदा होने पर ससुराल पक्ष के लोगों ने नाराजगी जताई और बेटे को जन्म नहीं देने के ताने दिए। पीड़िता का कहना है कि नवजात बेटी की देखभाल और इलाज का खर्च भी उसे स्वयं उठाना पड़ा।

13 लाख रुपये के लिए बढ़ा दबाव, विरोध करने पर बिगड़े हालात

शिकायत के मुताबिक, तीन जुलाई 2026 को लग्जरी कार खरीदने के लिए पति और ससुराल पक्ष के लोगों ने करीब 13 लाख रुपये देने का दबाव बनाया। विवाहिता ने जब इस मांग का विरोध किया तो उसके साथ दुर्व्यवहार किया गया। पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद भी उसे लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान किया जाता रहा।

मोबाइल छीना, बेटी समेत कमरे में बंद करने का आरोप

विवाहिता ने पुलिस को बताया कि 27 अगस्त की रात उसके पति ने मोबाइल छीनकर उसके साथ मारपीट की और उसे नवजात बेटी समेत दूसरी मंजिल पर स्थित कमरे में बंद कर दिया। आरोप है कि अगले दिन उस पर ईंटें और भारी गमले फेंके गए। इस दौरान मां और बेटी को गोली मारने की धमकी भी दी गई। इन परिस्थितियों से परेशान होकर विवाहिता अपनी बेटी को साथ लेकर मायके लौट आई।

पति समेत सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज

नगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार सिंह के अनुसार, पीड़िता की शिकायत के आधार पर पति नमन सिंघल, सास ममता सिंघल, ससुर शिव कुमार सिंघल, चाचा ससुर संजीव सिंघल और दोनों ननदों समेत सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपों की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Avnish Pal
ABOUT THE AUTHOR

Avnish Pal

HapurAvnishPal@newstracksite.vocalwire.com
Next Story