Hapur News: जेठ पर छेड़छाड़, वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का आरोप, पति समेत कई पर FIR दर्ज

Hapur News: एसपी के निर्देश पर पति, जेठ समेत कई आरोपियों के खिलाफ महिला उत्पीड़न, ब्लैकमेल और जबरन गर्भपात के आरोप में केस दर्ज, पुलिस जांच में जुटी।

Avnish Pal
Published on: 25 July 2026 8:40 PM IST (Updated on: 25 July 2026 8:55 PM IST)
FIR registered against several, including husband, accused of molestation
X

जेठ पर छेड़छाड़, वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का आरोप, पति समेत कई पर FIR दर्ज (Photo- Newstrack)

Hapur News: हापुड़ के सिंभावली क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने अपनी विवाहित बेटी के साथ ससुराल में कथित रूप से हुए यौन उत्पीड़न, ब्लैकमेलिंग और जबरन गर्भपात कराने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित पिता का कहना है कि बेटी के जेठ और उसके साथी ने पहले उसके साथ अश्लील हरकतें कीं, फिर आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बनाकर उसे लगातार ब्लैकमेल किया। आरोप है कि जब यह मामला पति तक पहुंचा तो पति और ससुराल पक्ष ने पीड़िता का जबरन गर्भपात करा दिया और उसे मायके छोड़ दिया। मामले में एसपी के निर्देश पर पुलिस ने कई गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पांच साल पहले हुई थी शादी, फिर शुरू हुआ उत्पीड़न

पीड़ित पिता के अनुसार उनकी बेटी की शादी करीब पांच वर्ष पहले मेरठ जनपद के एक गांव निवासी युवक से हुई थी। शुरुआती दिनों में सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन कुछ समय बाद ससुराल में उसके साथ कथित रूप से प्रताड़ना शुरू हो गई।

धेवते की तबीयत खराब होने का बहाना बनाकर कार में ले गए

शिकायत के अनुसार एक रात घर में मौजूद बच्चे (धेवते) की तबीयत खराब होने की बात कहकर बेटी के जेठ और उसका एक साथी उसे अपने साथ दवा दिलाने के बहाने कार में ले गए। आरोप है कि रास्ते में दोनों ने उसके साथ छेड़छाड़ और अश्लील हरकतें कीं। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी गई ताकि वह किसी से शिकायत न कर सके।

घर में भी करते रहे अश्लील हरकतें, वीडियो बनाकर किया ब्लैकमेल

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि इसके बाद भी जेठ लगातार घर में उसके साथ अश्लील हरकतें करता रहा। इसी दौरान चचेरे देवर ने मोबाइल से आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बना लिए। आरोप है कि इन्हीं फोटो और वीडियो को पति को दिखाने की धमकी देकर महिला को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता रहा और ब्लैकमेल किया गया।

पति पर जबरन गर्भपात कराने का आरोप

शिकायत में कहा गया है कि आरोपियों ने कथित रूप से आपत्तिजनक फोटो और वीडियो महिला के पति को दिखा दिए। इसके बाद पति और ससुराल पक्ष के अन्य लोगों ने महिला का जबरन गर्भपात करा दिया। बाद में उसे मायके छोड़ दिया गया। पीड़ित पिता का कहना है कि लगातार हुए उत्पीड़न और मानसिक प्रताड़ना के कारण उनकी बेटी की मानसिक स्थिति भी प्रभावित हो गई है और उसका उपचार चल रहा है।

थाने में कार्रवाई नहीं हुई तो एसपी से लगाई गुहार

पीड़ित परिवार का आरोप है कि स्थानीय थाना पुलिस से शिकायत करने के बावजूद कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर न्याय की मांग की। एसपी के निर्देश पर मामले का संज्ञान लेते हुए मुकदमा दर्ज कराया गया।

पुलिस ने दर्ज की एफआईआर, आरोपियों की तलाश शुरू

क्षेत्राधिकारी राहुल यादव ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के आदेश पर पति, जेठ समेत नामजद आरोपियों के खिलाफ यौन उत्पीड़न, जबरन गर्भपात कराने और अन्य संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही है।

Avnish Pal
ABOUT THE AUTHOR

Avnish Pal

HapurAvnishPal@newstracksite.vocalwire.com
Next Story