Hapur News: हापुड़ में महिला से नवजात को छीनने की कोशिश व मारपीट, FIR दर्ज

Hapur News: हापुड़ में एक महिला से नवजात को छीनने की कथित कोशिश और मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Avnish Pal
Published on: 17 Jun 2026 1:50 PM IST
Hapur News
X

Hapur News(Photo-Social Media)

Hapur News: शहर के कोतवाली क्षेत्र स्थित मोहल्ला मजीदपुरा में आठ दिन के नवजात शिशु को जबरन छीनने के प्रयास और महिला के साथ मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। संपत्ति विवाद को लेकर हुए इस घटनाक्रम के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पीड़ित महिला की शिकायत पर पुलिस ने पांच नामजद समेत नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

520 वर्गमीटर के प्लॉट को लेकर चल रहा है पारिवारिक विवाद

मोहल्ला मजीदपुरा निवासी नजराना ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि ग्रेटर नोएडा के खैरपुर गुर्जर क्षेत्र में स्थित करीब 520 वर्गमीटर के एक प्लॉट को लेकर उनके परिवार में लंबे समय से विवाद चल रहा है। मामला न्यायालय में विचाराधीन है। इसी विवाद के चलते उनके परिजनों द्वारा लगातार दबाव बनाया जा रहा था।पीड़िता के अनुसार, सात जून की शाम वह अपने घर पर आठ दिन के बेटे रोहान को गोद में लेकर बैठी हुई थीं। तभी उनका भतीजा गोलू पुत्र मौसम चार अज्ञात व्यक्तियों के साथ घर में घुस आया।

गोद से नवजात को खींचने का आरोप

नजराना का आरोप है कि घर में घुसते ही गोलू ने उनकी गोद में मौजूद नवजात बेटे रोहान का हाथ पकड़कर उसे जबरन खींचने का प्रयास किया। अचानक हुई इस घटना से वह घबरा गईं और बच्चे को बचाने लगीं। विरोध करने पर आरोपितों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और उनके साथ मारपीट करने लगे।महिला ने बताया कि कुछ ही देर में उसका भाई मौसम, शमशु, शमशाद और इरशाद भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद सभी आरोपितों ने मिलकर उसके साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की। आरोप है कि इस दौरान उसे जबरन अपने साथ ले जाने की भी कोशिश की गई।

शोर सुनकर जुटे लोग, धमकी देकर फरार हुए आरोपित

पीड़िता के मुताबिक जब उसने शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों की भीड़ एकत्र होती देख आरोपित जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घटना के दौरान नवजात रोहान का हाथ जोर से खींचे जाने के कारण उसके कंधे में चोट भी आ गई।परिवार के लोगों ने बच्चे का उपचार कराया। घटना के बाद मोहल्ले में काफी देर तक तनाव का माहौल बना रहा।

चौकी में नहीं हुई सुनवाई तो एसपी से लगाई गुहार

नजराना ने बताया कि घटना के बाद उन्होंने चौकी जदीद में शिकायत दी थी, लेकिन वहां कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद उन्होंने पुलिस अधीक्षक से मिलकर पूरे मामले की शिकायत की और न्याय की मांग की।एसपी के हस्तक्षेप के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मुकदमा दर्ज कर लिया।

पांच नामजद और चार अज्ञात के खिलाफ मुकदमा कोतवाली पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर गोलू, मौसम, शमशु, शमशाद और इरशाद समेत पांच नामजद तथा चार अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस अब आरोपितों की भूमिका और घटना की परिस्थितियों की जांच कर रही है।

क्या बोले एसपी ज्ञानंजय सिंह

पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की निष्पक्ष जांच कराई जा रही है। जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

Avnish Pal
ABOUT THE AUTHOR

Avnish Pal

Next Story