Hapur News: युवक की मौत पर प्रदर्शन, गढ़ रोड पर शव रखकर लगाया जाम

Hapur News: हापुड़ में सड़क हादसे में 21 वर्षीय सुनील की मौत के बाद परिजनों ने गढ़ रोड पर जाम लगाया। अज्ञात वाहन चालक की गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग की।

Avnish Pal
Published on: 22 Oct 2026 11:05 PM IST
Demonstration over death of youth, traffic jam on Garh Road with body
X

 युवक की मौत पर प्रदर्शन, गढ़ रोड पर शव रखकर लगाया जाम (Photo- Newstrack)

Hapur News: हापुड़ में सड़क हादसे में 21 वर्षीय युवक की मौत के बाद गुरुवार शाम परिजनों और स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। युवक का शव घर पहुंचते ही आक्रोशित लोगों ने कोतवाली देहात क्षेत्र के पन्नापुरी के बाहर गढ़ रोड पर शव रखकर जाम लगा दिया। लोगों ने अज्ञात वाहन चालक की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाने की मांग करते हुए जमकर हंगामा किया। इस दौरान भीड़ ने सड़क किनारे स्थित शराब के ठेके पर भी विरोध जताया और उसे बंद करा दिया। अचानक हुए हंगामे से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही सीओ दीपक चतुर्वेदी और थाना प्रभारी पारस मलिक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों को समझाकर शांत कराया। करीब एक घंटे तक स्थिति तनावपूर्ण बनी रही। पुलिस की मौजूदगी में लोगों को शांत कराकर यातायात और कानून-व्यवस्था सामान्य कराने के प्रयास किए गए।

रामलीला मेला देखकर घर लौट रहा था सुनील, रास्ते में हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, भीमनगर भंडा पट्टी निवासी सुनील उर्फ गोलू (21) बुधवार, 21 अक्टूबर की रात रामलीला मेला देखकर अपने घर लौट रहा था। बताया गया कि रात करीब 12 बजे वह देवनंदिनी अस्पताल के पास पहुंचा, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर लगने से सुनील गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद उसे तत्काल उपचार के लिए ले जाया गया। युवक की हालत गंभीर होने के कारण परिजन उसे मेरठ मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा था।परिजन को उम्मीद थी कि उपचार के बाद सुनील की हालत में सुधार होगा, लेकिन उनकी यह उम्मीद गुरुवार दोपहर टूट गई। मेरठ मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान करीब तीन बजे सुनील ने दम तोड़ दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। जवान बेटे की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

पोस्टमार्टम के बाद घर पहुंचा शव तो भड़के परिजन

गुरुवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शाम करीब साढ़े सात बजे सुनील का शव उसके घर पहुंचा। शव देखते ही परिवार के लोगों का दुख और आक्रोश बढ़ गया। हादसे में युवक की मौत से नाराज परिजन और स्थानीय लोग एकत्र हो गए। लोगों ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और उसे जल्द गिरफ्तार करने की मांग उठाई।इसके बाद आक्रोशित लोगों ने पन्नापुरी के बाहर गढ़ रोड पर शव रखकर जाम लगा दिया। सड़क पर शव रखे जाने से मौके पर तनाव की स्थिति बन गई। लोगों का कहना था कि हादसे के जिम्मेदार वाहन चालक की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जाए। इसके साथ ही पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिलाने की मांग भी उठाई गई।

शराब के ठेके पर भी जताया विरोध, कराया बंद

सड़क पर हंगामे के दौरान गुस्साई भीड़ ने पास में स्थित शराब के ठेके पर भी विरोध जताया और उसे बंद करा दिया। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया। पुलिस ने लोगों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने और मामले में नियमानुसार कार्रवाई किए जाने का भरोसा दिलाया।

सीओ दीपक चतुर्वेदी और थाना प्रभारी पारस मलिक ने परिजनों व स्थानीय लोगों को समझाकर शांत कराया। करीब एक घंटे तक इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना रहा। स्थिति को देखते हुए सुरक्षा की दृष्टि से मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया, ताकि दोबारा हंगामा न हो और शांति व्यवस्था बनी रहे।

मृतक के भाई की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट

इस मामले में मृतक के भाई आशीष कुमार ने हापुड़ देहात थाने में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ शिकायत दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अब पुलिस हादसे में शामिल वाहन और उसके चालक की पहचान करने का प्रयास कर रही है।थाना प्रभारी पारस मलिक ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस अज्ञात वाहन चालक की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि आरोपी चालक को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा और किसी भी सूरत में शांति भंग नहीं होने दी जाएगी।

Avnish Pal
ABOUT THE AUTHOR

Avnish Pal

HapurAvnishPal@newstracksite.vocalwire.com
Next Story