हर घर तिरंगा' बनेगा महा-आंदोलन, यूपी में 5 करोड़ घरों पर फहरेगा राष्ट्रध्वज,14 अगस्त को विशेष कैंडल मार्च

Har Ghar Tiranga 2026: स्वतंत्रता दिवस 2026 से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 'हर घर तिरंगा' अभियान को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया है। इस वर्ष उत्तर प्रदेश के 5 करोड़ से अधिक घरों पर तिरंगा फहराने का लक्ष्य रखा गया है। 14 अगस्त को विशेष कैंडल मार्च, 14-15 अगस्त को सिनेमाघरों में राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान का प्रसारण तथा पूरे प्रदेश में देशभक्ति से जुड़े अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जानिए योगी सरकार की पूरी योजना और अभियान की खास बातें।

Newstrack Network
Published on: 31 July 2026 10:32 PM IST (Updated on: 31 July 2026 10:33 PM IST)
हर घर तिरंगा बनेगा महा-आंदोलन, यूपी में 5 करोड़ घरों पर फहरेगा राष्ट्रध्वज,14 अगस्त को विशेष कैंडल मार्च
X

Har Ghar Tiranga 2026: आजादी के पावन पर्व को भव्य और अभूतपूर्व बनाने के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 'हर घर तिरंगा' अभियान को एक विशाल जन-आंदोलन का स्वरूप देने का आह्वान किया है। मुख्यमंत्री ने इस वर्ष प्रदेश के 5 करोड़ से अधिक घरों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और सरकारी भवनों पर सम्मानपूर्वक राष्ट्रीय ध्वज फहराने का विशाल लक्ष्य निर्धारित किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह केवल एक साधारण अभियान नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और देश के स्वर्णिम इतिहास से जोड़ने का एक पावन राष्ट्रीय अनुष्ठान है।

14-15 अगस्त को सिनेमाघरों में राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान अनिवार्य

स्वतंत्रता दिवस के इस विशेष अवसर पर मुख्यमंत्री ने एक अत्यंत महत्वपूर्ण एवं ऐतिहासिक प्रशासनिक निर्देश जारी किया है। इसके तहत 14 और 15 अगस्त को उत्तर प्रदेश के सभी सिनेमाघरों में फिल्में प्रदर्शित करने से पहले राष्ट्रगीत 'वंदे मातरम्' तथा राष्ट्रगान का अनिवार्य रूप से प्रसारण सुनिश्चित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, राज्य के सभी प्रमुख सरकारी भवनों, चौराहों, रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों और हवाई अड्डों को तिरंगे की थीम पर आकर्षक प्रकाश सज्जा (लाइटिंग) से जगमगाया जाएगा।

साल-दर-साल UP ने कायम किया नया कीर्तिमान

शुक्रवार को आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में मुख्यमंत्री को बताया गया कि उत्तर प्रदेश ने विगत वर्षों में इस अभियान में रिकॉर्ड सहभागिता दर्ज की है। जहां वर्ष 2022 में प्रदेश के 4.10 करोड़ घरों पर तिरंगा फहराया गया था, वहीं 2023 और 2024 में यह संख्या बढ़कर 4.50 करोड़ से अधिक पहुंची। पिछले वर्ष यानी 2025 में 4.76 करोड़ से अधिक परिवारों ने इस अभियान में हिस्सा लिया था। इस वर्ष झंडों की सुलभ उपलब्धता के लिए महिला स्वयं सहायता समूहों, खादी ग्रामोद्योग और स्थानीय एमएसएमई (MSME) इकाइयों को झंडे बनाने का जिम्मा सौंपा गया है, जिन्हें राशन दुकानों, पोस्ट ऑफिस और जन सेवा केंद्रों से खरीदा जा सकेगा।

काकोरी ट्रेन एक्शन से स्वतंत्रता दिवस तक विशेष आयोजन

9 अगस्त को ऐतिहासिक 'काकोरी ट्रेन एक्शन दिवस' से लेकर 15 अगस्त तक पूरे प्रदेश में देशभक्ति से ओत-प्रोत विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान सभी शहीद स्मारकों और स्वतंत्रता संग्राम स्थलों की विशेष साफ-सफाई व रंगाई-पुताई की जाएगी। स्वतंत्रता सेनानियों और शहीद जवानों के परिजनों को सम्मानित किया जाएगा। प्रदेश भर में युवाओं को आकर्षित करने के लिए विशाल तिरंगा रैलियां, कला प्रदर्शनी, संगीत समारोह, 'सेल्फी विद तिरंगा' प्रतियोगिताएं और रंगोली कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें पुलिस बैंड की मधुर धुनें राष्ट्रभक्ति का संचार करेंगी।

14 अगस्त को पर विशेष कैंडल मार्च

देश के विभाजन की त्रासदी को याद करते हुए 14 अगस्त को प्रदेश के प्रत्येक जिला मुख्यालय पर विशेष प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान विभाजन की पीड़ा झेलने वाले पंजाबी, सिंधी, बंगाली और बांग्लादेश से आए शरणार्थी परिवारों को आमंत्रित कर उनके संघर्षों व अनुभवों को साझा किया जाएगा। संध्या समय में शरणार्थी परिवारों और युवाओं के साथ श्रद्धांजलि स्वरूप कैंडल मार्च निकाला जाएगा। विश्वविद्यालयों में इस विषय पर परिचर्चाएं आयोजित होंगी ताकि भावी पीढ़ी राष्ट्रीय एकता और अखंडता का वास्तविक महत्व समझ सके।

Newstrack Network
ABOUT THE AUTHOR

Newstrack Network

Newstrack Desknewstracknetwork@gmail.com

Newstrack is one of the most Trusted and Popular news portal of India. Remain updated and aware, only on Newstrack

Next Story