Hardoi News: 50 हजार का इनामी लुटेरा गिरफ्तार, मिले 7,300 रुपये बरामद, लखनऊ में 14 मुकदमे दर्ज

Hardoi News: हरदोई में पुलिस ने 50 हजार रुपये के इनामी लुटेरे को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से जेवर बेचकर मिले 7,300 रुपये बरामद हुए। लखनऊ में उसके खिलाफ 14 मुकदमे दर्ज हैं।

Pulkit Sharma
Published on: 19 Oct 2026 3:47 PM IST
Hardoi News
X

Hardoi News(Photo-Social Media)

Hardoi News: कासिमपुर क्षेत्र में सर्राफा कारोबारी से हुई लूट के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी मो. अनीश को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से लूट के आभूषण बेचकर प्राप्त 7,300 रुपये नकद, चोरी की मोटरसाइकिल, एक तमंचा और दो कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ लखनऊ में पहले से 14 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।पुलिस के मुताबिक, 17 जून 2026 को हसनापुर निवासी मो. नसीम अपनी घुघेरा चौराहे स्थित सोने-चांदी की दुकान बंद करके घर जा रहे थे। शाम करीब सात बजे जमुनिया चौराहे से आगे रसूलपुर जाने वाले मार्ग पर दो मोटरसाइकिलों से पहुंचे चार अज्ञात बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। आरोपियों ने नसीम का बैग छीन लिया, जिसमें सोने-चांदी के आभूषण और एक मोबाइल फोन रखा था। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए थे। घटना के बाद पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। आरोपियों की तलाश के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और स्थानीय लोगों से पूछताछ के साथ सर्विलांस की मदद ली गई। मामले में वांछित मो. अनीश पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर दबोचा

पुलिस के अनुसार, 19 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली कि लूट की घटना में वांछित अनीश माडर से कासिमपुर रोड की ओर आ रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। बरामद अवैध हथियार के संबंध में भी अलग से कानूनी कार्रवाई की गई है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर लूट की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने दैनिक खर्च चलाने के लिए साथियों के साथ मिलकर वारदात की थी।

हालांकि, इन तथ्यों की पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के तहत होगी।पुलिस के मुताबिक, इस मामले में स्वाट, सर्विलांस, एसओजी और कासिमपुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम पहले ही सात आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज चुकी है। गिरफ्तार अनीश के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Pulkit Sharma
ABOUT THE AUTHOR

Pulkit Sharma

pulkitsharma@newstracksite.vocalwire.com
Next Story