TRENDING TAGS :
Hardoi News: पीएम मोदी और सीएम योगी की अपील पर आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल ने घटाए सरकारी वाहन
Hardoi News: पीएम नरेंद्र मोदी और सीएम योगी आदित्यनाथ की अपील पर आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल ने सरकारी और निजी वाहन फ्लीट में 50% कटौती का फैसला लिया।
Hardoi News(Photo-Social Media)
Hardoi News: उत्तर प्रदेश सरकार में आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल ने ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा को लेकर एक महत्वपूर्ण फैसला लिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ऊर्जा बचत को लेकर किए गए आह्वान और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अपील का समर्थन करते हुए उन्होंने अपनी सरकारी और निजी वाहन फ्लीट की संख्या में तत्काल प्रभाव से 50 प्रतिशत कटौती करने का निर्णय लिया है। मंत्री के इस कदम को ऊर्जा संरक्षण की दिशा में एक सकारात्मक पहल माना जा रहा है।
नितिन अग्रवाल ने कहा कि देशहित सबसे ऊपर है और प्राकृतिक संसाधनों का सीमित एवं जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग आज समय की सबसे बड़ी जरूरत बन चुका है। उन्होंने कहा कि ईंधन की अनावश्यक खपत को रोकना केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के हर नागरिक का कर्तव्य है। यदि सभी लोग छोटे-छोटे प्रयास करें, तो ऊर्जा बचत के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी बड़ा योगदान दिया जा सकता है।
अधिकारी और मंत्री पेश करें उदाहरण
नितिन अग्रवाल ने कहा कि वाहनों की संख्या कम करने से ईंधन की खपत घटेगी, जिससे प्रदूषण में भी कमी आएगी। साथ ही यह कदम लोगों को ऊर्जा संरक्षण के प्रति जागरूक करने का संदेश देगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों को देखते हुए हमें अपनी जीवनशैली में बदलाव लाने की आवश्यकता है।
आबकारी मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार “पर्यावरण संरक्षण” और “ऊर्जा बचत” को जन आंदोलन बनाने पर जोर दे रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी प्रदेश में हरित विकास और संसाधनों के संतुलित उपयोग को बढ़ावा दे रहे हैं। ऐसे में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है कि वे स्वयं उदाहरण प्रस्तुत करें। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि सार्वजनिक परिवहन का अधिक उपयोग करें, अनावश्यक वाहन प्रयोग से बचें और बिजली व ईंधन की बचत को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं। मंत्री ने विश्वास जताया कि सामूहिक प्रयासों से ही स्वच्छ, हरित और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को मजबूत किया जा सकता है।


