TRENDING TAGS :
Hardoi News: एयर रेड मॉक ड्रिल, शाम 6 बजे से होगा ब्लैकआउट
Hardoi News: हरदोई के परेड ग्राउंड में आपात स्थिति से निपटने का अभ्यास होगा, शाम 6 से 6:10 बजे तक सभी बिजली फीडर बंद रहेंगे, प्रशासन ने नागरिकों से सहयोग की अपील की।
एयर रेड मॉक ड्रिल, शाम 6 बजे से होगा ब्लैकआउट (Photo- Newstrack)
Hardoi News: उत्तर प्रदेश में आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए रविवार, 22 नवंबर को प्रदेशव्यापी सिविल डिफेंस एयर रेड एवं ब्लैकआउट मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। इसी क्रम में हरदोई जिले में भी जिला प्रशासन की ओर से विशेष कार्यक्रम की तैयारियां की गई हैं। शहर के परेड ग्राउंड में मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाएगा, जहां विभिन्न विभागों की टीमें आपात स्थिति से निपटने का अभ्यास करेंगी।
परेड ग्राउंड में दिखेगा आपदा प्रबंधन का अभ्यास
जिला प्रशासन की ओर से आयोजित इस अभ्यास का उद्देश्य युद्ध, हवाई हमले अथवा किसी अन्य आपातकालीन स्थिति के दौरान प्रशासनिक तैयारियों का आकलन करना है। मॉक ड्रिल के जरिए यह देखा जाएगा कि संकट के समय संबंधित विभाग कितनी तेजी से सक्रिय होते हैं और नागरिकों को सुरक्षित रखने के लिए किस तरह कदम उठाए जाते हैं। इसमें नागरिक सुरक्षा से जुड़े इंतजामों और विभागों के बीच समन्वय को भी परखा जाएगा।
शाम 6 से 6:10 बजे तक बंद रहेंगे विद्युत फीडर
विद्युत विभाग की ओर से जारी सूचना के मुताबिक मॉक ड्रिल के तहत शाम 6 बजे से 6 बजकर 10 मिनट तक परीक्षण के लिए सभी विद्युत फीडर अस्थायी रूप से बंद रखे जाएंगे। इस दौरान बिजली आपूर्ति प्रभावित रहने की संभावना है। उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे निर्धारित समय को ध्यान में रखते हुए अपनी जरूरी तैयारियां पहले ही पूरी कर लें।
नागरिकों से सहयोग करने की अपील
इस अभ्यास का उद्देश्य आम लोगों को भी आपातकालीन परिस्थितियों के प्रति जागरूक करना है। जिला प्रशासन और संबंधित विभागों की ओर से लोगों से अपील है कि मॉक ड्रिल के दौरान घबराएं नहीं और इसे वास्तविक घटना न समझें। सभी अधिकारी, कर्मचारी और नागरिक सुरक्षा से जुड़े लोग अपनी जिम्मेदारियों का पालन करते हुए इस अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें।


