Hardoi News: हरदोई में आकाशीय बिजली से छात्रा की मौत, परिवार को राहत

Hardoi News: सण्डीला के आँट-साँट गांव में आकाशीय बिजली गिरने से छात्रा की मौत के बाद प्रशासन सक्रिय हुआ, परिवार को चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी गई।

Pulkit Sharma
Published on: 15 May 2026 9:39 PM IST
Student killed in lightning strike in Hardoi, relief to family
X

हरदोई में आकाशीय बिजली से छात्रा की मौत, परिवार को राहत (Photo- Social Media)

Hardoi News: हरदोई जिले की सण्डीला तहसील के गांव आँट-साँट में आकाशीय बिजली गिरने से हुई किशोरी की मौत के बाद प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने पीड़ित परिवार को तत्काल राहत पहुंचाई। बुधवार को अचानक आई तेज आंधी और बारिश के दौरान हुई इस दर्दनाक घटना में छोटे लाल मौर्य की 14 वर्षीय बेटी अंकिता मौर्य की जान चली गई थी। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिवार गहरे सदमे में है।

घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय विधायक रामपाल वर्मा ने शासन और प्रशासनिक अधिकारियों को मामले से अवगत कराया। इसके बाद शासन स्तर से पीड़ित परिवार को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। शुक्रवार को समाज कल्याण राज्य मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री असीम अरुण स्वयं गांव पहुंचे और परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। उनके साथ सांसद अशोक रावत और विधायक रामपाल वर्मा सहित कई अधिकारी भी मौजूद रहे।मंत्री और जनप्रतिनिधियों ने पीड़ित माता-पिता को ढांढस बंधाते हुए भरोसा दिलाया कि सरकार इस कठिन समय में उनके साथ खड़ी है

अन्य योजनाओं के माध्यम से भी सहायता दिलाई जाएगी

प्रशासन की ओर से दैवीय आपदा राहत कोष के तहत परिवार को तत्काल चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। अधिकारियों ने बताया कि परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है, इसलिए अन्य योजनाओं के माध्यम से भी सहायता दिलाई जाएगी।प्रभारी मंत्री ने राजस्व विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि परिवार को कृषि भूमि का पट्टा उपलब्ध कराने की प्रक्रिया जल्द पूरी की जाए। साथ ही ग्राम पंचायत के माध्यम से पशु टीन शेड उपलब्ध कराने की बात भी कही गई।


उन्होंने परिवार के छोटे बेटे की शिक्षा के लिए समाज कल्याण विभाग की योजनाओं के तहत सहयोग देने का आश्वासन भी दिया।परिजनों ने बताया कि अंकिता पढ़ाई में बेहद होनहार थी और आगे चलकर परिवार का नाम रोशन करना चाहती थी। उसकी अचानक मौत से पूरे परिवार के सपने टूट गए हैं। गांव के लोगों ने भी इस घटना को बेहद दुखद बताते हुए परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।इस दौरान एडीएम प्रियंका सिंह, एसडीएम नारायणी भाटिया, क्षेत्राधिकारी प्रवीण कुमार, प्रभारी निरीक्षक अमित सिंह सहित राजस्व और पुलिस विभाग के कई अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।

Shashi kant gautam

Shashi kant gautam

Mail ID - skgautam1208@gmail.com

Next Story