Hardoi News: तबादले से पहले बैंक मैनेजर की महफिल का वीडियो वायरल, गुलरिया गांव की पार्टी चर्चा में

Hardoi News: हरदोई के गुलरिया गांव में विदाई पार्टी के दौरान बैंक मैनेजर का डांस महफिल वाला वीडियो वायरल, सोशल मीडिया पर लोग दे रहे अलग-अलग प्रतिक्रियाएं।

Pulkit Sharma
Published on: 15 May 2026 3:34 PM IST
Video of bank managers Mahfil before exchange viral, in party discussion of Gularia village
X

तबादले से पहले बैंक मैनेजर की महफिल का वीडियो वायरल, गुलरिया गांव की पार्टी चर्चा में (Photo- Newstrack)

Hardoi News: हरदोई जिले में एक बैंक अधिकारी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामला बिलग्राम स्थित कैनरा बैंक की शाखा से जुड़े एक शाखा प्रबंधक का बताया जा रहा है, जिनका हाल ही में दूसरे जिले में तबादला हुआ है। विदाई से पहले आयोजित एक निजी कार्यक्रम का वीडियो सामने आने के बाद पूरे इलाके में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।

बताया जा रहा है कि टड़ियावां ब्लॉक के गुलरिया गांव में एक घर के भीतर यह आयोजन हुआ था। वीडियो में बैंक अधिकारी तख्त पर बैठे दिखाई दे रहे हैं, जबकि सामने तेज संगीत पर एक युवती डांस करती नजर आ रही है। कार्यक्रम के दौरान फिल्मी गानों पर माहौल पूरी तरह रंगीन दिखाई देता है। वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पहुंचते ही लोगों ने इस पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं देना शुरू कर दिया।

साहब विदाई से पहले पूरी महफिल लूट ले गए

कई यूजर्स ने वीडियो पर व्यंग्यात्मक टिप्पणियां करते हुए लिखा कि “साहब विदाई से पहले पूरी महफिल लूट ले गए”, जबकि कुछ लोगों ने इसे बैंक अधिकारी की निजी जिंदगी से जोड़कर देखा।

वीडियो में अधिकारी कभी मुस्कुराते, कभी ताल देते और कभी डांस कर रही युवती से बातचीत करते नजर आ रहे हैं। यही दृश्य अब चर्चा का मुख्य कारण बन गया है। स्थानीय लोगों के बीच यह वीडियो काफी तेजी से साझा किया जा रहा है। कुछ लोग इसे सामान्य निजी आयोजन बता रहे हैं, तो कुछ बैंक अधिकारियों की गरिमा और आचरण को लेकर सवाल उठा रहे हैं।

हालांकि इस मामले में अभी तक किसी प्रकार की आधिकारिक शिकायत या विभागीय प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।फिलहाल गुलरिया गांव की यह पार्टी और उसमें शामिल बैंक अधिकारी का अंदाज पूरे हरदोई जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है। सोशल मीडिया पर लोग इसे लेकर लगातार मीम, टिप्पणियां और प्रतिक्रियाएं साझा कर रहे हैं।

Shashi kant gautam

Shashi kant gautam

Mail ID - skgautam1208@gmail.com

Next Story