TRENDING TAGS :
Hardoi News: भाजपा विधायक श्याम प्रकाश की पोस्ट से मचा सियासी बवाल, सोने और शादी पर उठाए सवाल
Hardoi News: भाजपा विधायक श्याम प्रकाश ने पीएम मोदी की सोना कम खरीदने की अपील पर सवाल उठाते हुए हिंदू शादी और मंगलसूत्र को लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा की, जिससे सियासी बहस तेज हो गई।
भाजपा विधायक श्याम प्रकाश की पोस्ट से मचा सियासी बवाल, सोने और शादी पर उठाए सवाल (Photo- Newstrack)
Hardoi News: हरदोई जिले की गोपामऊ विधानसभा सीट से भाजपा विधायक श्याम प्रकाश एक बार फिर अपने बयान और सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर चर्चा में आ गए हैं। अपनी ही सरकार की नीतियों और प्रशासनिक कार्यशैली पर सवाल उठाने को लेकर अक्सर सुर्खियों में रहने वाले विधायक ने इस बार प्रधानमंत्री के एक हालिया आह्वान को लेकर टिप्पणी की, जिसके बाद राजनीतिक गलियारों में नई बहस छिड़ गई।
पीएम की अपील पर विपक्ष का बवाल
दरअसल, हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से सोने की खरीदारी कम करने और पेट्रोल-डीजल की खपत घटाने की अपील की थी। इसी मुद्दे को लेकर विपक्ष लगातार सरकार को घेरने में लगा हुआ है।
इस बीच विधायक श्याम प्रकाश ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कर अपनी प्रतिक्रिया जाहिर की, जिसने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। विधायक ने अपनी पोस्ट में लिखा कि वह प्रधानमंत्री के आह्वान पर इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने पर विचार कर रहे हैं, लेकिन यह भी जानना चाहते हैं कि बिना मंगलसूत्र और सोने के गहनों के क्या हिंदू विवाह संभव है।
उन्होंने यह भी लिखा कि उनके बेटे की शादी दिसंबर में प्रस्तावित है और उन्हें चिंता है कि कहीं बिना सोने के आभूषणों के बारात वापस न लौट जाए। पोस्ट में उन्होंने व्यंग्यात्मक अंदाज में यह सुझाव भी दिया कि यदि ऐसा है तो एक साल तक शादियां रोक देना भी विकल्प हो सकता है।
कुछ लोगों ने विधायक के सवालों को आम परिवारों की चिंता बताया
सोशल मीडिया पर पोस्ट सामने आते ही यह तेजी से वायरल हो गई। लोगों ने इसे लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं देनी शुरू कर दीं। कुछ लोगों ने विधायक के सवालों को आम परिवारों की चिंता बताया, जबकि कई लोगों ने इसे पार्टी लाइन से अलग बयान करार दिया।
हालांकि वायरल होने के कुछ समय बाद विधायक की सोशल मीडिया प्रोफाइल से यह पोस्ट हटाई गई बताई जा रही है। इसके बावजूद पोस्ट के स्क्रीनशॉट विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार साझा किए जा रहे हैं।राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि विधायक की यह टिप्पणी ऐसे समय सामने आई है, जब विपक्ष पहले से ही प्रधानमंत्री के बयान को मुद्दा बनाकर सरकार पर हमला बोल रहा है। ऐसे में भाजपा विधायक की यह पोस्ट सियासी चर्चा का नया विषय बन गई है।


