TRENDING TAGS :
Hardoi - Kannauj Road Accident: नहर में गिरी कार, दंपति समेत तीन माह के बच्चे की मौत, दिवाली की खुशियां बनी मातम
Hardoi - Kannauj Road Accident: गुड़गांव से हरदोई लौट रहा परिवार हादसे का शिकार हुआ। जफरपुर पुलिया पर तड़के कार नहर में गिरी, युवक सुरक्षित बचा, तीन लोगों को अस्पताल में मृत घोषित किया गया था।
नहर में गिरी कार, दंपति और तीन माह के बच्चे समेत तीन की मौत (Photo- Social Media)
Hardoi - Kannauj Road Accident: गुड़गांव से अपने घर हरदोई लौट रहे लोगों की कार शुक्रवार तड़के बिलग्राम थाना क्षेत्र में हादसे का शिकार हो गई। शाहपुर मोड़ के पास जफरपुर पुलिया पर अचानक अनियंत्रित हुई कार नहर में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची।
ग्रामीणों की मदद से कार में सवार सभी लोगों को नहर से बाहर निकाला गया। इस दुर्घटना में एक दंपति और उनके महज तीन माह के बच्चे की मौत हो गई, जबकि कार में सवार एक अन्य युवक सुरक्षित बच गया।पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, घटना 6 नवंबर 2026 की सुबह करीब चार बजे की है। डायल-112 पर सूचना मिली थी कि बिलग्राम थाना क्षेत्र के ग्राम जफरपुर की पुलिया के पास एक कार नहर में गिर गई है और उसमें सवार तीन लोग डूब गए हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पीआरवी और स्थानीय पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची।
गुड़गांव से हरदोई आ रहा था परिवार
जांच के दौरान पता चला कि कार संख्या UP32JP3118 में चार लोग सवार थे। इनमें आदित्य सिंह (28) पुत्र रामनरेश सिंह, रमेश (35) पुत्र हरिराम, रमेश की पत्नी नीलम (32) और उनका तीन माह का बच्चा शामिल था। सभी हरदोई जिले के सुरसा थाना क्षेत्र के ग्राम सर्रा के निवासी बताए गए हैं। ये लोग गुड़गांव से अपने गांव सर्रा लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में शाहपुर मोड़ के निकट जफरपुर पुलिया पर चालक का कार से नियंत्रण हट गया और वाहन सीधे नहर में जा गिरा।
हादसे के बाद मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने ग्रामीणों के सहयोग से तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। काफी प्रयास के बाद कार सवार सभी लोगों को बाहर निकाला गया। आदित्य सिंह सुरक्षित पाए गए, जबकि रमेश, उनकी पत्नी नीलम और तीन माह के बच्चे को गंभीर हालत में एंबुलेंस से जिला अस्पताल कन्नौज भेजा गया।अस्पताल में चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। कन्नौज पुलिस द्वारा मृतकों के पंचायतनामा सहित अन्य आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



