Hardoi News: छात्रावासों की हकीकत पर डीएम की नजर, गंदगी मिली तो वार्डन को लगाई फटकार

Hardoi News: हरदोई में डीएम ने छात्रावासों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। गंदगी मिलने पर वार्डन को फटकार लगाते हुए सुधार के निर्देश दिए।

Pulkit Sharma
Published on: 18 Aug 2026 5:24 PM IST
Hardoi News
X

Hardoi News(Photo-Social Media)

Hardoi News: हरदोई जिलाधिकारी अनुनय झा ने मंगलवार को शहर के कई छात्रावासों का अचानक निरीक्षण कर वहां रहने वाले छात्रों को मिल रही सुविधाओं की स्थिति परखी। राजकीय पॉलिटेक्निक स्थित छात्रावास में अव्यवस्थाएं मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई और जिम्मेदारों को व्यवस्थाएं तत्काल सुधारने की चेतावनी दी।बावन रोड स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक पहुंचकर जिलाधिकारी ने सबसे पहले छात्रावास का निरीक्षण किया। उन्होंने छात्रों से सीधे बातचीत कर भोजन, पानी, बिजली, शौचालय और साफ-सफाई की स्थिति के बारे में जानकारी ली। छात्रों से मिली जानकारी के बाद उन्होंने परिसर के विभिन्न हिस्सों का जायजा लिया।

रसोई में गंदगी और सफाई व्यवस्था खराब मिलने पर डीएम का पारा चढ़ गया। उन्होंने वार्डन अतुल श्रीवास्तव को फटकार लगाते हुए रसोई समेत पूरे छात्रावास की सफाई व्यवस्था तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।डीएम ने छात्रों को परोसे जाने वाले भोजन की गुणवत्ता भी देखी। उन्होंने कहा कि छात्रावास में रहने वाले विद्यार्थियों को स्वच्छ और पौष्टिक भोजन मिलना चाहिए। भोजन तैयार करने वाली जगह पर साफ-सफाई से किसी भी स्तर पर समझौता न किया जाए। निरीक्षण के दौरान प्रकाश व्यवस्था भी ठीक नहीं मिली। इस पर उन्होंने प्रधानाचार्य कविता त्रिपाठी को आवश्यक बल्ब और लाइट लगवाने के निर्देश दिए।

दोबारा लापरवाही सामने आने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी

जिलाधिकारी ने छात्रावास में खुले बिजली के तारों को सुरक्षित कराने, खिड़कियों पर जाली लगवाने और खराब दरवाजों को ठीक कराने को कहा। डीएम ने प्रधानाचार्य को छात्रावास की व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने के निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि दोबारा लापरवाही सामने आने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। मूलभूत सुविधाओं से जुड़े जरूरी कार्यों के लिए शासन को प्रस्ताव भेजने के निर्देश भी दिए।इसी परिसर में पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के बालक छात्रावास का भी निरीक्षण किया गया। यहां छात्रों से बातचीत के बाद भोजन, पेयजल, बिजली और स्वच्छता की स्थिति देखी गई। इस छात्रावास की व्यवस्थाएं अपेक्षाकृत बेहतर मिलीं। शौचालय की सफाई भी संतोषजनक पाई गई।

डीएम ने अधिकारियों से कहा कि सभी छात्रावासों में नियमित निरीक्षण कर सुविधाओं की स्थिति पर नजर रखी जाए।इसके बाद जीआईसी परिसर स्थित राजकीय अनुसूचित जाति बालक छात्रावास पहुंचे जिलाधिकारी ने सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। सफाई में लापरवाही मिलने पर कर्मचारी को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने छात्रों से बातचीत कर उन्हें भी स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। छात्रों के लिए कोऑपरेटिव मेस शुरू कराने की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि उन्हें बेहतर और पौष्टिक भोजन मिल सके। साथ ही विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया और किसी भी समस्या की जानकारी सीधे अधिकारियों को देने को कहा।निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त मजिस्ट्रेट मयंक कुंडू, जिला समाज कल्याण अधिकारी अवनीश कुमार, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी विनीत कुमार तिवारी समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Pulkit Sharma
ABOUT THE AUTHOR

Pulkit Sharma

pulkitsharma@newstracksite.vocalwire.com
Next Story