Hardoi News: किसान की मौत के बाद प्रशासन अलर्ट, लेखपाल से जुड़े पहलुओं की भी जांच

Hardoi News: हरदोई में किसान का शव फंदे से लटका मिलने के बाद प्रशासन सतर्क हो गया। लेखपाल से पूछताछ के साथ एलआईयू और पुलिस ने जांच तेज कर दी।

Pulkit Sharma
Published on: 9 May 2026 8:58 PM IST
Administration alert after farmers death, lekhpal related affairs also investigated
X

किसान की मौत के बाद प्रशासन अलर्ट, लेखपाल से जुड़े पहलुओं की भी जांच (Photo- Newstrack)

Hardoi News: हरदोई जनपद में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब खेत में एक किसान का शव फांसी के फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और देखते ही देखते वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। मामले की जानकारी पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को दी गई, जिसके बाद स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।

घटना के बाद अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रफुल्ल त्रिपाठी मर्चरी पहुंचे, जहां उन्होंने मृतक किसान के परिजनों से बातचीत कर पूरे मामले की जानकारी लेने का प्रयास किया। उन्होंने खास तौर पर लेखपाल से जुड़े तथ्यों को समझने की कोशिश की, लेकिन परिजन कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे सके। एडीएम ने बताया कि मृतक किसान से संबंधित दस्तावेजों की भी जांच कराई गई, जिनमें किसी प्रकार की गड़बड़ी सामने नहीं आई। सभी अभिलेख सही पाए गए हैं।

एलआईयू की टीम भी पूरे प्रकरण की जानकारी जुटाने में लगी

प्रशासन की ओर से संबंधित लेखपाल से भी पूछताछ की गई है। हालांकि अब तक ऐसा कोई ठोस तथ्य सामने नहीं आया है, जिससे घटना के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सके।


मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने जांच तेज कर दी है।पुलिस के साथ-साथ एलआईयू की टीम भी पूरे प्रकरण की जानकारी जुटाने में लगी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कई अहम बिंदुओं पर स्थिति साफ हो सकती है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई किए जाने की बात कही जा रही है।

Shashi kant gautam

Shashi kant gautam

Mail ID - skgautam1208@gmail.com

Next Story