Hardoi News: खाद्य विभाग की छापेमारी, 20 किलो खराब मिठाई नष्ट, नमूने लिए

Hardoi News: दीपावली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग ने हरदोई में मिठाई और नमकीन की दुकानों पर जांच की। कई नमूने लैब भेजे गए और ओम स्वीट्स से 20 किलो खराब लड्डू भी नष्ट कराए गए।

Pulkit Sharma
Published on: 5 Nov 2026 9:59 PM IST
Food department raid, 20 kg of bad sweets destroyed, sampled
X

खाद्य विभाग की छापेमारी, 20 किलो खराब मिठाई नष्ट, नमूने लिए (Photo- Newstrack)

Hardoi News: दीपावली के त्योहार को देखते हुए जिले में खाद्य पदार्थों की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने सख्त रुख अपना लिया है। आम लोगों को मिलावट रहित और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभागीय टीमों ने विभिन्न बाजारों और खाद्य निर्माण इकाइयों में औचक निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान मिठाई और नमकीन बनाने वाले प्रतिष्ठानों की जांच की गई। कई स्थानों से खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए, जबकि खराब मिठाइयों को मौके पर ही नष्ट करा दिया गया।

नमकीन निर्माण इकाइयों में मिली गंदगी, लिए गए नमूने

जिलाधिकारी हरदोई और खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के आयुक्त के निर्देश पर चलाए गए अभियान के दौरान मल्लावां क्षेत्र में धनंजय सिंह की नमकीन निर्माण इकाई का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान नमकीन में अत्यधिक रंगों का इस्तेमाल और परिसर में गंदगी मिलने की बात सामने आई। टीम ने मौके से नमकीन और बेसन के नमूने एकत्र किए। साथ ही संचालक को व्यवस्थाओं में सुधार करने के लिए नोटिस जारी किया।इसी क्षेत्र में राजेश कुमार के प्रतिष्ठान पर भी टीम पहुंची। यहां नमकीन का निर्माण अस्वच्छ परिस्थितियों में होता पाया गया। अधिकारियों ने नमकीन का नमूना लेकर प्रयोगशाला भेजा और साफ-सफाई एवं निर्माण व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

मिठाई की दुकानों पर भी अधिकारियों की नजर

निरीक्षण अभियान के तहत नागेठा रोड स्थित बाबा सम्मी स्वीट शॉप की भी जांच की गई। अधिकारियों ने दुकान संचालक को साफ-सफाई बनाए रखने और खाद्य पदार्थों पर उपयोग की अंतिम तिथि यानी 'यूज बाय डेट' अंकित करने के नियमों का पालन करने की हिदायत दी।वहीं, नुमाइश चौराहे की पूजा होटल गली स्थित गौरव मिष्ठान भंडार से पेड़े का नमूना संग्रहित कर गुणवत्ता जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया। रेलवेगंज स्थित भोला स्वीट्स का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों ने रंगीन मिठाइयों में निर्धारित मानकों से अधिक कृत्रिम रंगों का इस्तेमाल नहीं करने की चेतावनी दी।

20 किलो खराब बूंदी के लड्डू कराए गए नष्ट

अभियान के दौरान रेलवेगंज स्थित ओम स्वीट्स में जांच के समय करीब 20 किलोग्राम खराब बूंदी के लड्डू और अन्य सड़ी-गली मिठाइयां मिलीं। खाद्य सुरक्षा टीम ने जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए इन सभी दूषित खाद्य पदार्थों को मौके पर ही नष्ट करा दिया।

त्योहार तक जारी रहेगा विशेष अभियान

खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि दीपावली के दौरान बाजारों में निगरानी और छापेमारी का सिलसिला लगातार जारी रहेगा। खाद्य पदार्थों में मिलावट, गंदगी और नियमों की अनदेखी करने वाले कारोबारियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।विभाग के सहायक आयुक्त खाद्य कुमार गुंजन ने बताया कि उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठान के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Pulkit Sharma
ABOUT THE AUTHOR

Pulkit Sharma

pulkitsharma@newstracksite.vocalwire.com
Next Story