Hardoi News: गोपामऊ में सरकारी निर्माण को लेकर घमासान, चेयरमैन पर मारपीट का आरोप

Hardoi News: हरदोई के गोपामऊ में सरकारी निर्माण को लेकर विवाद बढ़ा। सरताज ने चेयरमैन पर मारपीट का आरोप लगाकर IGRS और एसपी से शिकायत की।

Pulkit Sharma
Published on: 17 Aug 2026 11:37 AM IST
Hardoi News: गोपामऊ में सरकारी निर्माण को लेकर घमासान, चेयरमैन पर मारपीट का आरोप
X

 Hardoi News

Hardoi News: हरदोई के नगर पंचायत गोपामऊ में सरकारी निर्माण कार्य को लेकर शुरू हुआ विवाद अब दो पक्षों के आमने-सामने आने तक पहुंच गया है। पहले नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी की तहरीर पर सरताज खां के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। अब सरताज ने नगर पंचायत अध्यक्ष वली मोहम्मद और उनके समर्थकों पर गंभीर आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल (IGRS) तथा पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है।

चेयरमैन ने सरताज के आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया है।मोहल्ला कन्नौजी निवासी सरताज खां, नवाब साद फारूकी के यहां काम करते हैं। उनका कहना है कि 15 अगस्त की सुबह पिहानी रोड स्थित खेत के सामने नगर पंचायत की ओर से निर्माण कराया जा रहा था। सरताज के मुताबिक, नवाब साद फारूकी ने फोन पर चेयरमैन से निर्माण कार्य को खेत के एक किनारे कराने का अनुरोध किया था। आरोप है कि इसके बाद चेयरमैन कुछ समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे।

जान से मारने की कोशिश किए जाने का भी आरोप लगाया

सरताज का दावा है कि वहां पहुंचने के बाद उनके साथ अभद्रता की गई और गाली-गलौज करते हुए मारपीट की गई। उन्होंने जान से मारने की कोशिश किए जाने का भी आरोप लगाया है। सरताज के अनुसार, वह किसी तरह मौके से निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। उन्होंने शिकायत में घटना से संबंधित ऑडियो रिकॉर्डिंग होने की बात भी कही है। उनका आरोप है कि इसी विवाद के बाद उन्हें फंसाने के उद्देश्य से उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया।दूसरी तरफ, नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी की ओर से टड़ियावां थाने में शनिवार दोपहर करीब 12:40 बजे सरताज के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जा चुकी है। शिकायत के मुताबिक 15 अगस्त को सुबह करीब 11 बजे सरकारी भूमि पर वाटर कूलर लगाने का काम चल रहा था। आरोप है कि सरताज ने मौके पर पहुंचकर काम रुकवा दिया और वहां मौजूद मजदूरों पंकज, मोहनलाल, रजनीश और अमन के साथ मारपीट करते हुए धमकी दी।अब मामले में दोनों पक्षों की शिकायत सामने आने के बाद पुलिस जांच में जुटी है। पुलिस ऑडियो समेत उपलब्ध साक्ष्यों और घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है। थानाध्यक्ष इख्तियार हुसैन के मुताबिक जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Pulkit Sharma
ABOUT THE AUTHOR

Pulkit Sharma

pulkitsharma@newstracksite.vocalwire.com
Next Story