TRENDING TAGS :
Hardoi News: विधायक रानू की पहल लाई रंग, ऑझी शाहाबाद स्टेशन को मिली दो एक्सप्रेस ट्रेनों की सौगात
Hardoi News: विधायक माधवेन्द्र प्रताप सिंह रानू की पहल पर कोलकाता-जम्मू तवी और देहरादून-बनारस जनता एक्सप्रेस के ठहराव को स्वीकृति मिली है।
Hardoi News: जिले के रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। ऑझी शाहाबाद रेलवे स्टेशन पर दो महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव को रेल मंत्रालय ने हरी झंडी दे दी है। सवायजपुर विधायक माधवेन्द्र प्रताप सिंह रानू की पहल और मांग पर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कोलकाता-जम्मू तवी एक्सप्रेस और देहरादून-बनारस जनता एक्सप्रेस के ठहराव की स्वीकृति प्रदान की है। इस संबंध में रेल मंत्री की ओर से विधायक को पत्र भेजकर निर्णय की जानकारी भी दी गई है।
लंबी दूरी की दो ट्रेनों को मिली मंजूरी
रेल मंत्रालय से मिली स्वीकृति के अनुसार गाड़ी संख्या 13151 कोलकाता-जम्मू तवी एक्सप्रेस तथा गाड़ी संख्या 15120 देहरादून-बनारस जनता एक्सप्रेस का ऑझी शाहाबाद रेलवे स्टेशन पर ठहराव होगा। इन दोनों ट्रेनों के रुकने से क्षेत्र के लोगों को देश के कई महत्वपूर्ण शहरों तक पहुंचने के लिए बेहतर रेल कनेक्टिविटी मिल सकेगी।
कई क्षेत्रों के यात्रियों को होगा सीधा लाभ
इस निर्णय का लाभ केवल शाहाबाद तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पाली, भरखनी, सवायजपुर और आसपास के ग्रामीण इलाकों के हजारों यात्रियों को भी मिलेगा। अब यात्रियों के लिए कोलकाता, गया, अयोध्या, अम्बाला, लुधियाना, जालंधर, जम्मू तवी, हरिद्वार, मुरादाबाद, बरेली, देहरादून और बनारस जैसे प्रमुख शहरों की यात्रा अधिक सुविधाजनक हो सकेगी।
व्यापारियों, विद्यार्थियों और श्रद्धालुओं को मिलेगी राहत
ट्रेनों के ठहराव से नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और धार्मिक स्थलों की यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को विशेष सुविधा मिलने की उम्मीद है। लंबी दूरी की यात्रा के लिए दूसरे स्टेशनों पर निर्भरता भी कम होगी। इससे समय और आवागमन संबंधी परेशानियों में राहत मिलेगी।
विधायक ने रेल मंत्री का जताया आभार
दोनों ट्रेनों के ठहराव की मंजूरी मिलने पर विधायक माधवेन्द्र प्रताप सिंह रानू ने क्षेत्र की जनता की ओर से केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता लंबे समय से बेहतर रेल सुविधाओं की अपेक्षा कर रही थी। इस मांग को स्वीकार किया जाना क्षेत्र के विकास और जनसुविधाओं की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।उन्होंने उम्मीद जताई कि इस फैसले से ऑझी शाहाबाद रेलवे स्टेशन का महत्व बढ़ेगा और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को आवागमन में बड़ी सहूलियत मिलेगी।


