Hardoi News: बेहटागोकुल में भीषण सड़क हादसा, डम्पर की टक्कर से टेम्पो खाई में पलटा, सात घायल

Hardoi News: हरदोई के बेहटागोकुल थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार डम्पर ने बस को टक्कर मार दी, जिससे बस आगे खड़े टेम्पो से भिड़ गई। हादसे में टेम्पो खाई में पलट गया और सात लोग घायल हो गए।

Pulkit Sharma
Published on: 12 May 2026 5:08 PM IST
Hardoi News: बेहटागोकुल में भीषण सड़क हादसा, डम्पर की टक्कर से टेम्पो खाई में पलटा, सात घायल
X

Hardoi News

Hardoi News: हरदोई जिले के बेहटागोकुल थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। मियांपुर रोड पर तेज गति से आ रहे एक डम्पर ने सड़क किनारे खड़ी बस में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद बस आगे खड़े सवारी टेम्पो से जा भिड़ी, जिससे टेम्पो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। इस हादसे में सात लोग घायल बताए गए हैं।

जानकारी के मुताबिक शाहजहांपुर से लौट रही एक निजी बस मियांपुर बस स्टॉप पर यात्रियों को बैठाने के लिए रुकी हुई थी। बस के ठीक सामने एक सवारी टेम्पो खड़ा था, जिसमें कई लोग बैठे हुए थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में पहुंचे डम्पर ने बस को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बस आगे बढ़कर सीधे टेम्पो से टकरा गई और टेम्पो सड़क से नीचे खाई में जा गिरा।

इलाज के लिए शाहाबाद जाते समय हुआ हादसा

हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोग मदद के लिए दौड़ पड़े। सूचना मिलते ही बेहटागोकुल पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की सहायता से घायलों को बाहर निकाला गया और एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भेजा गया।

घायलों में ग्राम हुसेपुर निवासी वेदप्रकाश कोटेदार, सत्यम, शालिनी, कुनाल, प्रियंका, विशाल और रेखा शामिल हैं। बताया गया कि शालिनी अपनी मां रेखा और अन्य परिवारजनों के साथ इलाज के लिए शाहाबाद जा रही थी। हादसे में चार लोगों को प्राथमिक उपचार के लिए सीएचसी टोडरपुर में भर्ती कराया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज हरदोई रेफर किया गया है।घटना के बाद कुछ समय तक मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल डम्पर को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह डम्पर की तेज रफ्तार और लापरवाही मानी जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Shalini singh

Shalini singh

Mail ID - Shalinisingh34678346@gmail.com

Next Story