TRENDING TAGS :
Hardoi News: हरदोई में जुए के अड्डे पर पुलिस का बड़ा छापा, 13 गिरफ्तार, कई वाहन और नकदी बरामद
Hardoi News: हरदोई के बिलग्राम थाना क्षेत्र में पुलिस ने जुए के फड़ पर छापेमारी कर 13 लोगों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई में नकदी, ताश के पत्ते और कई वाहन बरामद हुए। पुलिस ने जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Hardoi News: हरदोई जिले में अपराध नियंत्रण को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत बिलग्राम पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अवैध रूप से संचालित जुए के एक फड़ पर छापेमारी करते हुए 13 लोगों को गिरफ्तार किया है। मौके से नकदी, ताश के पत्तों के साथ कई दोपहिया और चारपहिया वाहन भी बरामद किए गए हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा के निर्देशन में जिले भर में अपराधियों, वारंटियों, वांछित अभियुक्तों तथा जुआ-सट्टे में संलिप्त लोगों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना बिलग्राम पुलिस को सूचना मिली कि कुछ लोग एक स्थान पर बड़ी संख्या में एकत्र होकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और कार्रवाई करते हुए 13 लोगों को पकड़ लिया।गिरफ्तार किए गए आरोपियों में हरदोई, कन्नौज, औरैया, फर्रुखाबाद और मैनपुरी जनपद के निवासी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार सभी आरोपी अवैध रूप से जुए की खाईबाड़ी और जुआ खेलने की गतिविधियों में संलिप्त पाए गए। छापेमारी के दौरान पुलिस ने 43 हजार 220 रुपये की नकदी, 52 ताश के पत्ते, आठ चारपहिया वाहन, दो मोटरसाइकिल और एक स्कूटी बरामद की।
अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में किशना गुप्ता और जगदीश निवासी कन्नौज, सुरेन्द्र, सुरेन्द्र कुमार और ग्रीसचन्द्र निवासी औरैया, उपेन्द्र, प्रवीण, उमाकान्त और अमित निवासी फर्रुखाबाद, अजय कुमार सिंह और ओमशरण निवासी मैनपुरी तथा सुनील कुमार और धनीराम निवासी हरदोई शामिल हैं।पुलिस ने सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ थाना बिलग्राम में मुकदमा संख्या 269/26 के तहत जुआ अधिनियम की धारा 13 में मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार व्यक्तियों से पूछताछ भी की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि जुए का यह नेटवर्क कब से संचालित हो रहा था और इसमें अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।थाना पुलिस का कहना है कि जनपद में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं इस कार्रवाई को लेकर स्थानीय लोगों ने पुलिस की तत्परता की सराहना की है और उम्मीद जताई है कि ऐसे अभियानों से क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगेगा।पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई प्रचलित है तथा बरामद वाहनों और अन्य सामानों को कब्जे में लेकर आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जा रही है।


