Hardoi News : बंगाल चुनाव ड्यूटी से लौटे भाजपा नेताओं का हरदोई में जोरदार स्वागत

Hardoi News : बंगाल चुनाव से लौटे भाजपा नेताओं का हरदोई जिला कार्यालय में सम्मान, कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत

Pulkit Sharma
Published on: 14 May 2026 8:02 PM IST
Hardoi News : बंगाल चुनाव ड्यूटी से लौटे भाजपा नेताओं का हरदोई में जोरदार स्वागत
X

बंगाल चुनाव से लौटे भाजपा नेताओं का हरदोई में सम्मान समारोह

Hardoi News : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में पार्टी की जीत के बाद चुनावी जिम्मेदारियां निभाकर हरदोई लौटे भाजपा नेताओं का जिला कार्यालय में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने वरिष्ठ नेताओं का स्वागत करते हुए उन्हें अंगवस्त्र भेंट किए और चुनाव में निभाई गई भूमिका की सराहना की।

सम्मानित होने वालों में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष राम बहादुर सिंह और वरिष्ठ नेता सौरभ मिश्र ‘नीरज’ शामिल रहे। दोनों नेता चुनाव के दौरान लंबे समय तक पश्चिम बंगाल में संगठनात्मक जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे थे। हरदोई पहुंचने पर भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन ने उनका स्वागत करते हुए कहा कि बंगाल चुनाव में पार्टी कार्यकर्ताओं ने कठिन परिस्थितियों के बावजूद पूरी मेहनत और समर्पण के साथ काम किया।

उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा को मिली बड़ी सफलता केवल चुनावी जीत नहीं, बल्कि वहां की जनता के विश्वास और बदलाव की इच्छा का परिणाम है। जनता लंबे समय से भ्रष्टाचार, राजनीतिक हिंसा और भय के माहौल से परेशान थी। ऐसे समय में भाजपा कार्यकर्ताओं ने गांव-गांव जाकर लोगों से संवाद किया और उन्हें लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया।

प्रतिकूल हालात में भी किया कार्य

जिलाध्यक्ष ने कहा कि पार्टी के प्रवासी कार्यकर्ताओं ने प्रतिकूल हालात में भी संगठन को मजबूत करने का काम किया। उन्होंने विशेष रूप से राम बहादुर सिंह और सौरभ मिश्र ‘नीरज’ के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि दोनों नेताओं ने कई महीनों तक लगातार बंगाल में रहकर पार्टी के लिए मेहनत की, जिसका सकारात्मक परिणाम सामने आया।सम्मान समारोह के दौरान राम बहादुर सिंह और सौरभ मिश्र ‘नीरज’ ने पार्टी नेतृत्व का आभार जताया।

उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के समर्थन से बंगाल में विकास और परिवर्तन की नई उम्मीद बनी है। दोनों नेताओं ने कहा कि पार्टी का लक्ष्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि जनता का विश्वास कायम रखना भी है।कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष प्रीतेश दीक्षित, जिला महामंत्री अनुराग मिश्रा, ओम वर्मा, जिला मंत्री सत्यम शुक्ला समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Shalini Rai

Shalini Rai

Mail ID - raishalini910@gmail.com

Next Story