Hardoi News: शौचालय में फन फैलाए बैठा था काला नाग, नजर पड़ते ही मची चीख-पुकार

Hardoi News: हरदोई में शौचालय के अंदर काला नाग फन फैलाए बैठा मिला। सांप को देखते ही घर में चीख-पुकार मच गई।

Pulkit Sharma
Published on: 23 Aug 2026 7:17 PM IST
Hardoi News
X

Hardoi News(Photo-Social Media)

Hardoi News: हरदोई शहर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम शहाबुद्दीनपुर में रविवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब वीरेंद्र कुमार के घर के बाहर बने शौचालय में एक काला नाग दिखाई दिया। अचानक सामने आए सांप को देखकर परिवार के लोगों के होश उड़ गए। किसी ने उसे पकड़ने या भगाने की कोशिश नहीं की और तत्काल सर्प मित्र को सूचना दी गई।बताया गया कि रविवार करीब 12 बजे परिवार के लोग शौचालय की ओर गए थे।

इसी दौरान उनकी नजर अंदर मौजूद सांप पर पड़ी। काले रंग के नाग को देखकर परिजन घबरा गए और आसपास के लोगों को भी इसकी जानकारी दी। कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जुटने लगी। हालांकि सांप को देखने के बाद भी लोगों ने उससे दूरी बनाए रखी।सूचना मिलने पर सर्प मित्र बबलू अपनी टीम के साथ गांव पहुंचे। उन्होंने स्थिति का जायजा लेने के बाद बेहद सावधानी से रेस्क्यू अभियान शुरू किया।

सांप के पकड़े जाने के बाद परिवार के लोगों ने राहत की सांस ली

सर्प मित्र द्वारा काफी मशक्कत के बाद सांप को सुरक्षित पकड़ लिया गया। इसके बाद उसे आबादी से दूर सुरक्षित प्राकृतिक स्थान पर छोड़ने की तैयारी की गई। सांप के पकड़े जाने के बाद परिवार के लोगों ने राहत की सांस ली।सर्प मित्र बबलू ने बताया कि बरसात के दिनों में सांपों के रहने वाले स्थानों और बिलों में पानी भर जाता है। ऐसे में वे सूखी और सुरक्षित जगह की तलाश में अक्सर घरों, शौचालयों, गोदामों और अन्य स्थानों में पहुंच जाते हैं। इसलिए बारिश के मौसम में विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।उन्होंने लोगों से अपील की कि घर या आसपास सांप दिखाई देने पर उसे मारने अथवा खुद पकड़ने का प्रयास न करें। सांप को छेड़ने पर वह आत्मरक्षा में हमला कर सकता है। बेहतर है कि लोग सुरक्षित दूरी बनाए रखें और प्रशिक्षित सर्प मित्र या संबंधित टीम को इसकी सूचना दें। इससे जहां लोगों की सुरक्षा बनी रहती है, वहीं सांप की जान भी बचाई जा सकती है।

Pulkit Sharma
ABOUT THE AUTHOR

Pulkit Sharma

pulkitsharma@newstracksite.vocalwire.com
Next Story