TRENDING TAGS :
Hardoi News: सीडीओ चौराहे पर अतिक्रमण के खिलाफ चला प्रशासन का डंडा, दुकानदारों को दी सख्त चेतावनी
Hardoi News: हरदोई के सीडीओ चौराहे पर जाम की समस्या को देखते हुए नगर पालिका प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। दुकानदारों और फल-सब्जी विक्रेताओं को फुटपाथ खाली रखने की चेतावनी दी गई।
Hardoi News
Hardoi News: हरदोई शहर के कैनाल रोड पर सीडीओ चौराहे के आसपास लगातार लगने वाले जाम और सड़क किनारे बढ़ते अतिक्रमण को लेकर नगर पालिका प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। नगर मजिस्ट्रेट के निर्देश पर नगर पालिका के अतिक्रमण प्रभारी अमित सिंह के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाकर सड़क के दोनों ओर अतिक्रमण करने वाले फल-सब्जी विक्रेताओं और दुकानदारों को चेतावनी दी गई।अभियान के दौरान चौराहे से पहले सड़क के दोनों तरफ फुटपाथ और उसके आसपास दुकानें लगाए बैठे दुकानदारों को समझाया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि दुकानें फुटपाथ को घेरकर न लगाई जाएं। दुकानदारों को अपनी सामग्री सड़क और फुटपाथ से पीछे निर्धारित जगह पर रखने के निर्देश दिए गए, ताकि राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी न हो।
फल और सब्जी विक्रेताओं ने सड़क के दोनों ओर बने फुटपाथ के काफी हिस्से पर कब्जा कर रखा है
नगर पालिका की टीम ने दुकानदारों को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि दोबारा फुटपाथ पर अतिक्रमण मिला तो संबंधित दुकानदार के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दौरान अधिकारियों ने मौके पर मौजूद दुकानदारों को यह भी समझाया कि सड़क किनारे अनियंत्रित तरीके से दुकानें लगाने से केवल यातायात प्रभावित नहीं होता, बल्कि पैदल चलने वाले लोगों के लिए भी रास्ता बाधित हो जाता है।कैनाल रोड शहर के प्रमुख मार्गों में शामिल है। सीडीओ चौराहे के आसपास फल और सब्जी विक्रेताओं ने सड़क के दोनों ओर बने फुटपाथ के काफी हिस्से पर कब्जा कर रखा है। कई स्थानों पर दुकानदारों का सामान भी फुटपाथ से आगे तक फैला रहता है। इससे वाहनों के लिए सड़क की चौड़ाई कम हो जाती है और व्यस्त समय में जाम की स्थिति बन जाती है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक इस मार्ग पर सुबह और शाम के समय वाहनों का दबाव अधिक रहता है। ऐसे में फुटपाथ पर अतिक्रमण होने के कारण लोगों को सड़क से होकर निकलना पड़ता है। इससे कई बार यातायात धीमा होने के साथ जाम की स्थिति भी पैदा हो जाती है।बताया गया कि कैनाल रोड पर अतिक्रमण और जाम को लेकर नगर पालिका प्रशासन को लगातार शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों का संज्ञान लेते हुए नगर मजिस्ट्रेट ने संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद नगर पालिका की टीम ने मौके पर पहुंचकर दुकानदारों को चेतावनी दी।नगर पालिका अधिकारियों का कहना है कि अभियान का उद्देश्य किसी का रोजगार प्रभावित करना नहीं, बल्कि सड़क और फुटपाथ को अतिक्रमण से मुक्त कराकर यातायात व्यवस्था को सुचारु रखना है। आने वाले दिनों में भी स्थिति पर नजर रखी जाएगी और दोबारा अतिक्रमण मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


