हरदोई में 622 जोड़ों का सामूहिक विवाह, मंत्री नितिन अग्रवाल ने पुष्पवर्षा कर दिया आशीर्वाद

Hardoi News: हरदोई में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 622 जोड़े विवाह बंधन में बंधे, मंत्री नितिन अग्रवाल ने पुष्पवर्षा कर नवदंपतियों को आशीर्वाद दिया।

Avnish Pal
Published on: 16 Oct 2026 10:55 PM IST
हरदोई में 622 जोड़ों का सामूहिक विवाह, मंत्री नितिन अग्रवाल ने पुष्पवर्षा कर दिया आशीर्वाद
X

Hardoi News: लखनऊ चुंगी स्थित सीएसएन पीजी कॉलेज परिसर में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न विकास खंडों और नगर निकायों से आए कुल 622 जोड़ों ने वैवाहिक जीवन की नई शुरुआत की। समारोह में जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद दांपत्य जीवन की कामना की।

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नितिन अग्रवाल मुख्य रूप से उपस्थित रहे। जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, उपजिलाधिकारी सदर, जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए सहित अन्य अधिकारियों ने आयोजन की व्यवस्थाओं को संभाला। इस दौरान मंत्री नितिन अग्रवाल ने नवदंपतियों को शुभकामनाएं दीं और उन्हें आपसी प्रेम, विश्वास, सहयोग तथा सामंजस्य के साथ जीवन बिताने के लिए प्रेरित किया। मंत्री और अधिकारियों ने नवविवाहित जोड़ों पर पुष्पवर्षा कर उनका उत्साहवर्धन भी किया।

योजना के तहत प्रत्येक पात्र कन्या के विवाह पर कुल एक लाख रुपये खर्च किए जाने का प्रावधान

समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से जरूरतमंद परिवारों की बेटियों का विवाह सम्मानजनक तरीके से संपन्न कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि योजना का उद्देश्य आर्थिक कठिनाइयों को कम करने के साथ ही समाज में समानता, सामाजिक समरसता और आपसी सहयोग की भावना को मजबूत करना है।योजना के तहत प्रत्येक पात्र कन्या के विवाह पर कुल एक लाख रुपये खर्च किए जाने का प्रावधान बताया गया। इसमें 64 हजार रुपये कन्या के खाते में हस्तांतरित किए जाने, 21 हजार रुपये की वैवाहिक सामग्री उपलब्ध कराने तथा 15 हजार रुपये आयोजन संबंधी व्यवस्थाओं पर खर्च करने की व्यवस्था शामिल है।

नवविवाहित जोड़ों को गृहस्थी की शुरुआत के लिए विभिन्न उपयोगी वस्तुएं भी प्रदान की गईं। इनमें साड़ी, ब्लाउज, पेटीकोट, चुनरी, पुरुषों के वस्त्र, डिनर सेट, प्रेशर कुकर, ट्रॉली बैग, दीवार घड़ी, कढ़ाई, आयरन प्रेस, सीलिंग फैन, बिस्तर, चादर, तकिए, कंबल, गद्दे, चूड़ियां, कंगन, वैनिटी किट और रसोई में इस्तेमाल होने वाले अन्य सामान शामिल रहे।प्रशासन की ओर से कार्यक्रम को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं। समारोह में शामिल जोड़ों और उनके परिजनों ने आयोजन में सहयोग दिया। सामूहिक विवाह कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ।

Avnish Pal
ABOUT THE AUTHOR

Avnish Pal

HapurAvnishPal@newstracksite.vocalwire.com
Next Story