TRENDING TAGS :
Hardoi: पटाखा दुकानों पर प्रशासन का औचक निरीक्षण, खराब फायर सिलेंडर मिलने पर दिए सुधार के निर्देश
Hardoi News: हरदोई में त्योहारों से पहले प्रशासन ने पटाखा दुकानों और गोदामों का औचक निरीक्षण किया। जांच में फायर एक्सटिंग्विशर, लाइसेंस, स्टॉक और सुरक्षा व्यवस्थाएं परखी गईं।
Hardoi News
Hardoi News: त्योहारों के मौसम में पटाखों से होने वाली आगजनी और दूसरे हादसों को रोकने के लिए जिला प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में रविवार रात शहर के अलग-अलग इलाकों में पटाखा दुकानों और थोक कारोबारियों के गोदामों का औचक निरीक्षण किया गया। प्रशासनिक टीम के अचानक पहुंचने से पटाखा कारोबारियों में खलबली मच गई।सोमवार दोपहर में दमकल विभाग के अधिकारियों ने अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि जांच के दौरान दुकानों में मौजूद सुरक्षा व्यवस्थाओं को बारीकी से परखा गया। एसडीएम सदर आशुतोष के नेतृत्व में टीम ने खदरा, बिलग्राम चुंगी और बावन चुंगी क्षेत्र में पटाखों की दुकानों और गोदामों की जांच की। अभियान में सीओ सिटी अजीत सिंह, दमकल अधिकारी शिवराम सिंह यादव, कोतवाली पुलिस और प्रशासनिक कर्मचारी शामिल रहे।
अग्निशमन यंत्रों की स्थिति भी देखी गई
टीम ने सबसे पहले कारोबारियों के दस्तावेज खंगाले। स्टॉक रजिस्टर, पटाखों की खरीद-बिक्री का ब्योरा और लाइसेंस की वैधता जांची गई। इसके साथ ही आग बुझाने के लिए दुकानों में रखे अग्निशमन यंत्रों की स्थिति भी देखी गई। कुछ स्थानों पर फायर एक्सटिंग्विशर में खामी मिलने पर उन्हें तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए।अधिकारियों ने दुकानदारों को साफ तौर पर चेताया कि लाइसेंस में निर्धारित सीमा से अधिक पटाखे अथवा बारूद का भंडारण किसी भी हालत में न किया जाए। ज्वलनशील सामग्री को भीड़भाड़ वाले स्थानों से दूर और पर्याप्त हवा वाले सुरक्षित स्थान पर रखने की हिदायत दी गई।एसडीएम ने कहा कि पटाखों का कारोबार अत्यंत संवेदनशील है। छोटी सी लापरवाही भी बड़े हादसे में बदल सकती है। दुकानों में रेत से भरी बाल्टियां, पर्याप्त पानी और सुरक्षित विद्युत वायरिंग की व्यवस्था अनिवार्य रूप से होनी चाहिए।
दुकानों के बाहर लगाना होगा ‘धूम्रपान निषेध’ बोर्ड
जांच टीम ने पटाखा विक्रेताओं को दुकानों के आसपास ‘धूम्रपान मना है’ के बोर्ड लगाने के निर्देश भी दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने संकेत दिया है कि त्योहारों के दौरान पटाखों की बिक्री और भंडारण पर निगरानी लगातार जारी रहेगी।


