Hardoi News: कांवड़ यात्रा बनी आकर्षण का केंद्र, कहीं तांडव तो कहीं राम दरबार की झांकी

Hardoi News: हरदोई में विशाल कांवड़ यात्रा में राम दरबार, शिव के रौद्र रूप और तांडव की झांकियों ने लोगों का ध्यान खींचा, हर-हर महादेव से गूंजा शहर।

Pulkit Sharma
Published on: 23 Aug 2026 2:59 PM IST
Hardoi News: कांवड़ यात्रा बनी आकर्षण का केंद्र, कहीं तांडव तो कहीं राम दरबार की झांकी
X

Hardoi News

Hardoi News: हरदोई में सावन के पावन माह में रविवार को हरदोई शहर शिवभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। नवीन गल्ला मंडी से बिलग्राम स्थित राजघाट से गंगाजल लेने के लिए विशाल कांवड़ यात्रा निकाली गई। यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी तो सड़क के दोनों ओर श्रद्धालुओं की भीड़ जुट गई। करीब एक किलोमीटर लंबी कांवड़ यात्रा में भक्ति, उत्साह और धार्मिक आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला।कांवड़ यात्रा में हाथी-घोड़ों के साथ आकर्षक झांकियां शामिल रहीं। भगवान श्रीराम की झांकी ने लोगों का विशेष ध्यान खींचा। इसके अलावा भगवान शिव के विभिन्न स्वरूपों को दर्शाती झांकियां भी यात्रा का आकर्षण बनी रहीं। शिव भजनों की धुन पर कांवड़िए और श्रद्धालु जमकर झूमते नजर आए। भगवान शिव के रौद्र स्वरूप की झांकी में प्रस्तुत तांडव नृत्य ने भी लोगों को काफी प्रभावित किया। रास्ते भर हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से माहौल शिवमय बना रहा।

नीलकंठ महादेव मंदिर में भगवान शिव के शिवलिंग पर गंगाजल अर्पित किया जाएगा

कांवड़ यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं ने बताया कि वे बिलग्राम स्थित राजघाट पहुंचकर गंगा नदी से पवित्र जल लेकर वापस लौटेंगे। इसके बाद हरदोई शहर के राम जानकी मंदिर परिसर स्थित नीलकंठ महादेव मंदिर में भगवान शिव के शिवलिंग पर गंगाजल अर्पित किया जाएगा। श्रद्धालुओं ने कहा कि सावन में भगवान शिव को जल चढ़ाने की परंपरा के तहत वे आस्था और श्रद्धा के साथ यह यात्रा कर रहे हैं।विशाल कांवड़ यात्रा को देखते हुए पुलिस-प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। यात्रा के मार्ग पर पुलिस बल तैनात रहा और भीड़ को व्यवस्थित रखने के लिए निगरानी की गई। यात्रा के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो, इसके लिए प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती गई।

कांवड़ यात्रा को देखने के लिए शहरवासियों में भी खासा उत्साह रहा। लोग अपने घरों की छतों, छज्जों, गलियों और चौराहों के आसपास बड़ी संख्या में जमा दिखाई दिए। जैसे-जैसे यात्रा आगे बढ़ी, श्रद्धालुओं और दर्शकों की भीड़ बढ़ती गई। धार्मिक झांकियों और भजनों ने पूरे शहर के माहौल को भक्तिमय बना दिया।

Pulkit Sharma
ABOUT THE AUTHOR

Pulkit Sharma

pulkitsharma@newstracksite.vocalwire.com
Next Story