TRENDING TAGS :
Hardoi News: कौढ़ा स्टेशन पर पॉइंट फेल! गरीब रथ समेत कई ट्रेनें रुकीं, राजधानी की रफ्तार भी थमी
Hardoi News: कौढ़ा स्टेशन पर पॉइंट फेल होने से सिग्नल व्यवस्था ठप रही और कई ट्रेनें प्रभावित हुईं। करीब सवा घंटे बाद रेल संचालन सामान्य हुआ।
Hardoi News: हरदोई-रोजा रेलखंड पर सोमवार सुबह कौढ़ा रेलवे स्टेशन के पास रेलवे का पॉइंट फेल होने से सिग्नल व्यवस्था प्रभावित हो गई। अचानक आई तकनीकी खराबी के चलते अप ट्रैक पर ट्रेनों का संचालन कुछ समय के लिए बाधित रहा। इस दौरान कई महत्वपूर्ण ट्रेनों को अलग-अलग स्थानों पर रोकना पड़ा, जबकि पीछे से आ रही डिब्रूगढ़-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस की गति को भी नियंत्रित करना पड़ा।
रेलवे अधिकारियों और तकनीकी कर्मचारियों की मशक्कत के बाद करीब सवा घंटे में व्यवस्था सामान्य हो सकी।जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब 6:45 बजे कौढ़ा स्टेशन पर पॉइंट संख्या 43 में तकनीकी खराबी आ गई। पॉइंट फेल होने के कारण संबंधित सिग्नल भी प्रभावित हो गया। खराबी की सूचना मिलते ही रेल अधिकारियों और तकनीकी टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ट्रेनों को सिग्नल के अनुसार नियंत्रित करते हुए आगे बढ़ाया गया।
राजधानी एक्सप्रेस को गति नियंत्रित करते हुए सुरक्षित तरीके से आगे निकाला गया
पॉइंट फेल होने का असर सबसे पहले 12203 सहरसा-अमृतसर गरीब रथ एक्सप्रेस पर पड़ा। ट्रेन को हरदोई-कौढ़ा ब्लॉक हट के पास रोककर रखा गया यह ट्रेन लगभग 25 मिनट तक खड़ी रही। इसके बाद 15909 डिब्रूगढ़-लालगढ़ अवध आसाम एक्सप्रेस और 22355 पाटलिपुत्र-चंडीगढ़ सुपरफास्ट एक्सप्रेस का संचालन भी प्रभावित हुआ। दोनों ट्रेनों को करीब 25 मिनट तक परेशानी का सामना करना पड़ा।वहीं 14229 प्रयागराज संगम-योगनगरी ऋषिकेश एक्सप्रेस को कौढ़ा रेलवे स्टेशन पर करीब 30 मिनट तक खड़ा रखना पड़ा। ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित होने के कारण पीछे से आ रही डिब्रूगढ़-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस की रफ्तार भी सामान्य नहीं रही।बताया गया कि उस समय अवध आसाम एक्सप्रेस हरदोई रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर खड़ी थी।
राजधानी एक्सप्रेस को आगे निकालने के लिए अवध आसाम एक्सप्रेस को हरदोई से कौढ़ा के बीच लूप लाइन पर खड़ा कराया गया। इसके बाद राजधानी एक्सप्रेस को गति नियंत्रित करते हुए सुरक्षित तरीके से आगे निकाला गया। पॉइंट फेल होने की वजह से एक मालगाड़ी का संचालन भी प्रभावित हुआ।रेलवे सूत्रों के अनुसार, खराबी की सूचना मिलते ही अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर पॉइंट संख्या 43 को दुरुस्त करने का काम शुरू कराया। करीब सुबह 8 बजे पॉइंट को फिट घोषित किए जाने के बाद सिग्नल व्यवस्था बहाल हुई और ट्रेनों का संचालन सामान्य दिशा में लौटने लगा।इस दौरान करीब एक घंटे 15 मिनट तक अप ट्रैक पर रेल संचालन प्रभावित रहा। हालांकि रेलवे कर्मचारियों ने समय रहते तकनीकी खराबी को दूर कर संभावित बड़ी परेशानी को टाल दिया। ट्रेनों के प्रभावित होने से यात्रियों को कुछ समय तक इंतजार करना पड़ा।


