TRENDING TAGS :
Hardoi News: कड़ी सुरक्षा के बीच संपन्न हुई लेखपाल भर्ती परीक्षा, 727 अभ्यर्थियों ने छोड़ी परीक्षा
Hardoi News: हरदोई में लेखपाल भर्ती परीक्षा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। जिले के नौ परीक्षा केंद्रों पर 3792 में से 3065 अभ्यर्थी शामिल हुए, जबकि 727 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
Hardoi News
Hardoi News: हरदोई जिले में गुरुवार को आयोजित लेखपाल भर्ती परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गई। परीक्षा को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं के व्यापक इंतजाम किए थे। जिले के नौ परीक्षा केंद्रों पर हजारों अभ्यर्थियों ने परीक्षा में हिस्सा लिया, जबकि बड़ी संख्या में परीक्षार्थी अनुपस्थित भी रहे। परीक्षा समाप्त होने के बाद केंद्रों के बाहर अभ्यर्थियों की भीड़ देखने को मिली और तेज धूप के चलते कई परीक्षार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से आयोजित इस भर्ती परीक्षा के लिए जिले में कुल 3792 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से 3065 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 727 परीक्षार्थी गैरहाजिर रहे। प्रशासन ने परीक्षा को निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों को परीक्षा केंद्र बनाया था।परीक्षा केंद्रों पर सुबह से ही सुरक्षा व्यवस्था सख्त नजर आई। अभ्यर्थियों को केंद्र में प्रवेश से पहले तलाशी प्रक्रिया से गुजरना पड़ा। इसके अलावा बायोमेट्रिक सत्यापन के बाद ही परीक्षा हॉल में प्रवेश दिया गया। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी रोकने के लिए पुलिस बल के साथ स्टेटिक मजिस्ट्रेट और सेक्टर मजिस्ट्रेट भी लगातार निगरानी करते रहे।
परीक्षा केंद्र ढूंढने के लिए क्यूआर कोड किए थे व्यवस्था
परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए पुलिस विभाग की ओर से परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने हेतु क्यूआर कोड आधारित लोकेशन व्यवस्था भी उपलब्ध कराई गई थी, जिससे बाहरी जिलों से आए अभ्यर्थियों को केंद्र खोजने में आसानी हुई। हालांकि परीक्षा समाप्त होने के बाद तेज गर्मी और धूप के कारण अभ्यर्थियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई परीक्षार्थी अपने बैग और अन्य सामान लेने के लिए लंबी कतारों में खड़े नजर आए।
विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर अनुपस्थित अभ्यर्थियों की संख्या भी काफी रही। गंगा देवी इंटर कॉलेज में 76, आर्यकन्या महाविद्यालय में 65, आरआर इंटर कॉलेज में 93, आर्यकन्या इंटर कॉलेज में 47, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में 75, महाराणा प्रताप स्नातकोत्तर महाविद्यालय में 99, राजकीय इंटर कॉलेज में 89, सीएसएन पीजी कॉलेज में 94 और श्री वेणी माधव इंटर कॉलेज में 89 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल नहीं हुए।प्रशासन ने परीक्षा को शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न होने पर संतोष जताया है।


