इंद्रदेव के खिलाफ ही कर दी बारिश से परेशान शख्स ने शिकायत, DM से बोला- 'दिव्य संपर्क' से तुरंत रुकवाइए!

हरदोई में लगातार बारिश से परेशान सूरज तिवारी ने जन शिकायत पोर्टल पर इंद्रदेव के खिलाफ अनोखी शिकायत दर्ज कराई।

Sachin Singh
Published on: 28 Sept 2026 6:55 PM IST (Updated on: 28 Sept 2026 7:22 PM IST)
इंद्रदेव के खिलाफ ही कर दी बारिश से परेशान शख्स ने शिकायत, DM से बोला- दिव्य संपर्क से तुरंत रुकवाइए!
X

UP Weather: उत्तर प्रदेश में पिछले 3-4 दिनों से लगातार हो रही बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। कहीं सड़कें पानी में डूब गई हैं तो कहीं गलियों और निचले इलाकों में जलभराव से लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। लगातार बारिश ने किसानों की चिंता भी बढ़ा दी है, क्योंकि फसलों को नुकसान का खतरा बना हुआ है।

इसी बीच हरदोई जिले से एक ऐसी शिकायत सामने आई है, जिसने सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया। यहां बारिश से परेशान एक शख्स ने किसी अधिकारी या विभाग के खिलाफ नहीं, बल्कि सीधे बारिश के देवता इंद्रदेव के खिलाफ शिकायत कर दी। इतना ही नहीं, शिकायत में जिलाधिकारी से इंद्रदेव से अपने ‘दिव्य संपर्क’ के जरिए बात कर बारिश रुकवाने की अपील भी की गई है।

इंद्रदेव को बताया लगातार बारिश के लिए जिम्मेदार

हरदोई के मल्लावां ब्लॉक के नेवादा पारस गांव निवासी सूरज तिवारी ने राज्य के जन शिकायत पोर्टल के जरिए अपनी शिकायत दर्ज कराई। अपनी शिकायत में उन्होंने जिले में लगातार हो रही बारिश के लिए ‘इंद्रदेव’ को जिम्मेदार बताया।

सूरज तिवारी ने शिकायत में कहा कि कभी तेज तो कभी धीमी बारिश लगातार हो रही है। इसकी वजह से सामान्य जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि इंद्रदेव बिना किसी पूर्व सूचना के लगातार बारिश कर रहे हैं, जिससे आम लोगों को बेवजह परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने प्रशासन से इस मामले को गंभीरता से लेने की मांग की।

DM से कहा- मेरे पास इंद्रदेव का मोबाइल नंबर नहीं

सूरज तिवारी की शिकायत का सबसे दिलचस्प हिस्सा उसका आखिरी पैराग्राफ है। उन्होंने साफ लिखा कि उन्हें इंद्रदेव का मोबाइल नंबर नहीं पता है। ऐसे में उन्होंने जिलाधिकारी से ही आगे की कार्रवाई करने की अपील कर दी। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी अपने ‘दिव्य माध्यम से संपर्क’ का इस्तेमाल करते हुए इंद्रदेव को जरूरी निर्देश दें, ताकि बारिश को तुरंत नियंत्रित किया जा सके और जिले के लोगों को राहत मिल सके।

बारिश ने सड़क, गलियों और निचले इलाकों में बढ़ाई परेशानी

सूरज तिवारी ने अपनी शिकायत में लगातार बारिश से पैदा हुई परेशानियों का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि सड़कें, गलियां और निचले इलाके पानी से भर गए हैं। जलभराव के कारण लोगों के लिए अपने घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है और रोजमर्रा के काम भी प्रभावित हो रहे हैं।

लगातार बारिश के कारण किसानों की चिंता भी बढ़ गई है। लंबे समय तक बारिश जारी रहने से फसलों को नुकसान होने की आशंका बनी हुई है। इसी परेशानी के बीच इंद्रदेव के नाम से की गई यह शिकायत सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई है।

बारिश और तूफान से UP में 56 लोगों की मौत

लगातार बारिश के बीच उत्तर प्रदेश में हालात कितने गंभीर रहे, इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि शुक्रवार से बारिश और तूफान से जुड़ी घटनाओं में 56 लोगों की मौत हुई है। अधिकारियों के मुताबिक, कई जिले तीन दिनों तक हुई तेज बारिश के बाद बाढ़ जैसी स्थिति से जूझते रहे।

हालांकि, रविवार को राज्य के ऊपर बना डिप्रेशन कमजोर होकर अच्छी तरह चिह्नित निम्न दबाव वाले क्षेत्र में बदल गया। इसके बाद बारिश से कुछ राहत मिलने की स्थिति बनी।

राहत आयुक्त कार्यालय की ओर से साझा किए गए आंकड़ों के मुताबिक, 25 सितंबर से 27 सितंबर की सुबह तक राज्य में बारिश और तूफान से जुड़ी घटनाओं में 56 लोगों की मौत हुई, जबकि 46 लोग घायल हुए।

Sachin Singh
ABOUT THE AUTHOR

Sachin Singh

Conetent Writer Mail ID - sachinsingh.alert@gmail.comsachinsingh.alert@gmail.com

Sachin Singh is a media professional with 4 years of experience in the field of journalism and digital media. After completing his education at Jamia Millia Islamia Central University, he has worked with reputed media organizations such as Editor ji, ABP News and Doordarshan. Currently, Sachin Singh is working as a Content Writer with News Track, where he contributes to fast-paced digital news coverage and content creation. His areas of interest include politics, national and international affairs, and food. With experience across different formats of journalism, he focuses on producing informative, accurate, and engaging content for digital audiences.

Next Story