TRENDING TAGS :
Hardoi News: सब्जी खरीदते समय जेब से मोबाइल चोरी, सीसीटीवी में कैद हुआ संदिग्ध युवक
Hardoi News: हरदोई में सब्जी खरीदते समय जेब से मोबाइल चोरी हो गया। घटना सीसीटीवी में कैद हुई, जिसमें संदिग्ध युवक नजर आया।
Hardoi News(Photo-Social Media)
Hardoi News: हरदोई जनपद के मल्लावां कस्बे के लाला बाजार में सब्जी खरीदने के दौरान एक युवक की जेब से मोबाइल चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद घर में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी सामने आई, जिसमें एक युवक कथित तौर पर जेब से मोबाइल निकालता दिखाई दे रहा है। मामले को लेकर पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।जानकारी के अनुसार लाला बाजार निवासी महेश सक्सेना सोमवार को घर के बाहर सब्जी खरीद रहे थे। इसी दौरान किसी ने उनकी शर्ट की जेब से मोबाइल निकाल लिया। कुछ देर बाद मोबाइल गायब होने का पता चलने पर उन्होंने आसपास जानकारी की, लेकिन मोबाइल का कोई सुराग नहीं लगा।
फुटेज में एक युवक उनके आसपास खड़ा दिखाई दिया
इसके बाद महेश ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली। फुटेज में एक युवक उनके आसपास खड़ा दिखाई दिया। आरोप है कि इसी दौरान युवक ने मौका पाकर उनकी जेब से मोबाइल निकाल लिया। फुटेज देखने के बाद महेश ने आसपास के लोगों की मदद से संदिग्ध युवक की तलाश शुरू की।लोगों ने संदिग्ध युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पीड़ित पक्ष का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज में पूरी घटना दिखाई दे रही है, इसलिए पुलिस से मामले में कार्रवाई की मांग की गई है।
वहीं, इस मामले में मल्लावां कोतवाल का कहना है कि पकड़े गए युवक के पास से चोरी का मोबाइल फोन बरामद नहीं हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी चर्चा है कि बाजार जैसे भीड़भाड़ वाले स्थानों पर जेबकतरों की गतिविधियों पर नजर रखने की जरूरत है। फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मोबाइल चोरी में पकड़े गए युवक की भूमिका थी या नहीं।


