Hardoi News: गैंगस्टर एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई, पुलिस ने 33.96 लाख रुपये की संपत्ति कुर्क

Hardoi News: हरदोई पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी कुलदीप अग्रवाल की 33.96 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति कुर्क कर ली। कुर्क की गई संपत्तियों में एक प्लॉट और टोयोटा इनोवा कार शामिल है।

Pulkit Sharma
Published on: 17 Jun 2026 3:47 PM IST
Hardoi News: गैंगस्टर एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई, पुलिस ने 33.96 लाख रुपये की संपत्ति कुर्क
X

Hardoi News

Hardoi News: उत्तर प्रदेश के हरदोई जनपद की पुलिस ने अपराध और अवैध संपत्ति के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए गैंगस्टर एक्ट में वांछित आरोपी कुलदीप अग्रवाल की लगभग 33 लाख 96 हजार 350 रुपये मूल्य की संपत्ति कुर्क कर ली। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक हरदोई के निर्देश पर की गई, जिसमें अपराध से अर्जित संपत्तियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध कठोर कदम उठाने के निर्देश दिए गए थे।

पुलिस के अनुसार, कुलदीप अग्रवाल पर धोखाधड़ी, जालसाजी और अन्य आर्थिक अपराधों के जरिए अवैध रूप से धन अर्जित करने के आरोप हैं। जांच के दौरान यह सामने आया कि आरोपी ने अपराध से प्राप्त आय के माध्यम से चल और अचल संपत्तियां तैयार की थीं। इसी आधार पर गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के तहत कुर्की की कार्रवाई की गई।कुर्क की गई संपत्तियों में लगभग 13 लाख 96 हजार 350 रुपये मूल्य का एक प्लॉट तथा करीब 20 लाख रुपये कीमत की टोयोटा इनोवा कार शामिल है। पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए इन संपत्तियों को अपने कब्जे में लिया। कुर्की की प्रक्रिया के दौरान क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल भी तैनात रहा ताकि कानून व्यवस्था बनी रहे।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कुलदीप अग्रवाल के खिलाफ विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं और वह लंबे समय से कानून के शिकंजे में है। अपराध से अर्जित संपत्तियों को जब्त करने की यह कार्रवाई अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है, जिससे यह संदेश दिया जा सके कि अवैध तरीके से अर्जित की गई संपत्ति को किसी भी कीमत पर सुरक्षित नहीं रखा जा सकता।

इस अभियान में राजस्व विभाग की टीम के साथ कोतवाली देहात पुलिस ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।अधिकारियों का कहना है कि जनपद में अपराध से अर्जित संपत्तियों की पहचान कर आगे भी इसी प्रकार की कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों के आर्थिक तंत्र को कमजोर करने के लिए भविष्य में भी सख्त कदम उठाए जाएंगे, जिससे कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जा सके।

Pulkit Sharma
ABOUT THE AUTHOR

Pulkit Sharma

Next Story