TRENDING TAGS :
Hardoi News: सरकारी गेहूं चोरी का खुलासा, एसडीएम की छापेमारी में 16 बोरी गेहूं बरामद
Hardoi News: हरदोई में सरकारी गेहूं चोरी का खुलासा, एसडीएम छापेमारी में 16 बोरी गेहूं व ई-रिक्शा बरामद, जांच जारी है।
Hardoi News
Hardoi News: उत्तर प्रदेश के हरदोई जनपद के कोतवाली देहात क्षेत्र स्थित नानकगंज गांव में सरकारी गेहूं की चोरी का मामला सामने आने से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर एसडीएम सदर मयंक कुंडू के नेतृत्व में की गई छापेमारी के दौरान 16 बोरी सरकारी गेहूं, एक ई-रिक्शा और तौलने में प्रयुक्त कांटा बरामद किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस को भी मौके पर बुलाया गया और जांच शुरू कर दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रशासन को सूचना मिली थी कि क्षेत्र में खड़े कुछ ट्रकों से सरकारी गेहूं चोरी कर उसे दूसरे स्थानों पर ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर एसडीएम सदर ने तत्काल एक टीम गठित कर मौके पर भेजा। जांच के दौरान शिकायत सही पाई गई, जिसके बाद प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए संदिग्ध स्थान पर छापा मारा।
वहीं छापेमारी में बरामद गेहूं के बारे में प्रारंभिक जांच में पता चला कि यह गेहूं सीडब्ल्यूसी गोदाम के बाहर खड़े ट्रकों से निकाला गया था। मौके से मिले साक्ष्यों के आधार पर यह स्पष्ट हुआ कि सरकारी खाद्यान्न को अवैध रूप से हटाने का प्रयास किया जा रहा था। टीम ने मौके से 16 बोरी गेहूं के साथ एक ई-रिक्शा और तौलने का कांटा भी कब्जे में ले लिया।
वहीं इस बाबत जानकारी देते हुए, एसडीएम सदर मयंक कुंडू ने बताया कि, सूचना मिलने के बाद प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की, जिसमें सरकारी गेहूं की चोरी की बात सामने आई। चूंकि मामला चोरी से संबंधित था, इसलिए पुलिस को भी कार्रवाई में शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि पूरे प्रकरण की गहन जांच कराई जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि इस कार्य में कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा इसके तार कहां तक जुड़े हुए हैं।
वहीं पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम अब मामले से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने सरकारी खाद्यान्न की सुरक्षा व्यवस्था पर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।


